कैमूर में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मौत, पुलिस महकमे में शोक....
कैमूर में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मौत, पुलिस महकमे में शोक....

कैमूर: कैमूर में ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड की तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। होमगार्ड जवान की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया वहीं विभाग में भी हड़कंप मच गया। घटना कैमूर जिला के दुर्गावती थाना क्षेत्र की है जहां ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की अचानक तबियत बिगड़ गई और जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया उनकी मौत हो गई। मृतक होमगार्ड जवान की पहचान मोहनिया के लहुरबारी निवासी दिनेश पांडेय के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि वे अपनी ड्यूटी पर थे तभी अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें आनन फानन में दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें - CM के गृह जिला में मुख्य पार्षद के घर चला बुलडोजर, बताया 'बदले की कार्रवाई...'
परिजनों ने बताया कि वह अपने ससुराल अखलासपुर में रहते थे। उनकी एक भी सन्तान नहीं थी। परिजनों ने बताया कि मृतक होमगार्ड जवान ने 1989 में होमगार्ड में ज्वाइन किया था और 36 वर्षों से लगातार अपनी सेवा दे रहे थे। वह पिछले 4 महीने से दुर्गावती थाना में तैनात थे। घटना के संबंध में दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संगीता सिन्हा ने बताया कि बीमार होमगार्ड जवान को इलाज के लिए यहां लाया गया था लेकिन जांच के दौरान वे मृत पाए गए। उन्होंने बताया कि प्रतीत हो रहा है कि हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हुई होगी बाकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।
यह भी पढ़ें - केंद्रीय मंत्री के सामने जम कर चली कुर्सियां, इस बात से नाराज लोगों ने NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में किया हंगामा...
कैमूर से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट