darsh news

बिहार से बंगाल ले जाई जा रहीं तीन मासूम बच्चियां… लेकिन रास्ते में हुआ कुछ ऐसा, जिससे खुल गया मानव तस्करी का बड़ा राज

human trafficking in bihar

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र से मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चियों को तस्करी के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के निवासी मां और बेटे को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, नौरंगिया थाना अध्यक्ष शुभम कुमार सिंह को गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि थाना क्षेत्र से अनुसूचित जनजाति (ST) समाज की तीन नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।

यह भी पढ़ें: वंदे मातरम् के 150 साल… और सीमा पर गूंजा देशभक्ति का जोश, एसएसबी ने निकाली भव्य बाइक रैली

बगहा पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), नौरंगिया थाना पुलिस और जन शक्ति फाउंडेशन (NGO) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और तीनों बच्चियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। इस पूरे मामले की जानकारी बगहा एसपी रामानंद कौशल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नियोति देवी (43 वर्ष) और उसके पुत्र नागेश भुइंया (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिले के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन और रेलवे टिकट भी बरामद किया है।



यह भी पढ़ें: Neet छात्रा मामला: छात्रा की संदिग्ध मौत और SIT जांच के बीच परिजनों से मिले उपेंद्र कुशवाहा

मुक्त कराई गई तीनों नाबालिग बच्चियां नौरंगिया थाना क्षेत्र की ही रहने वाली हैं, जिनकी उम्र लगभग 4 वर्ष, 6 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है। बच्चियों को तत्काल नौरंगिया थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही इस मामले में मानव तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


Scan and join

darsh news whats app qr