बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा का तीसरा दिन : ठंड में चप्पल पहनकर पहुंचे छात्र, वैशाली में चिट बरामद भागलपुर में हिजाब उतरवाने का आरोप
राज्यभर में बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। गुरुवार को परीक्षा का तीसरा दिन रहा, जिसमें पहली पाली में फिजिक्स और दूसरी पाली में भूगोल (Geography) तथा बिजनेस स्टडीज की परीक्षा आयोजित की गई। कदाचार मुक्त परीक्षा कराने के लिए बोर्ड और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। जूते पहनकर प्रवेश पर रोक होने के कारण ठंड के मौसम में कई छात्र-छात्राएं चप्पल पहनकर ही परीक्षा देने पहुंचे। वैशाली जिले में चेकिंग के दौरान एक छात्र के पास से चिट बरामद की गई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि नकल करते पकड़े जाने पर संबंधित परीक्षार्थियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बिहार बोर्ड की ओर से इंटर परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र हैं। इंटरमीडिएट की यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा के दौरान कई जिलों से अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। भागलपुर में जांच के दौरान कुछ छात्राओं का हिजाब उतरवाया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना। वहीं पटना के BNR ट्रेनिंग कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गेट बंद होने से पहले कई छात्र दौड़कर अंदर पहुंचे। कोहरे और ठंड के बावजूद पटना और बगहा में छात्राएं समय पर केंद्रों तक पहुंचीं।
यह भी पढ़ें: पटना में शिवाजी पार्क के पास एक घर में लगी भीषण आग, कई लोगों को रेस्क्यू किया गया
बोर्ड की सख्ती का असर साफ दिख रहा है। पहले दो दिनों में कुल 32 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया जा चुका है। पहले दिन 26 छात्र कदाचार के आरोप में बाहर किए गए थे, जबकि दूसरे दिन 6 परीक्षार्थियों पर कार्रवाई हुई। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।