जहानाबाद में जलेबी के लिए जम कर चले लाठी डंडे, मुखिया ने छिपकर बचाई अपनी जान
जहानाबाद: सोमवार को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय महापर्व गणतंत्र दिवस मनाया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश भर में लोगों में देशभक्ति का जोश देखने को मिला वहीं कुछ जगहों पर राष्ट्रीय मिठाई जलेबी के लिए झड़प भी देखने को मिला। ऐसा ही कुछ मामला सामने आया है जहानाबाद से जहां गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मिठाई के लिए जम कर हंगामा तो हुआ ही लोगों ने गाड़ियों पर भी जम कर लाठी डंडे चलाये जिससे तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि घटना में चार लोग जख्मी भी हो गए जिन्हें बाद में पुलिस ने मामला शांत करवाने के लिए बाद मौके से निकाला।
घटना जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के गोनावां पंचायत भवन परिसर की है जहां गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंचायत के मुखिया अमरनाथ सिंह ने झंडोत्तोलन किया। झंडोत्तोलन के बाद मुखिया और उनके समर्थक वहां मौजूद लोगों के बीच राष्ट्रीय मिठाई जलेबी का वितरण कर रहे थे जो कि कम पड़ गया। इसके बाद कतार में लगे बच्चे हल्ला करने लगे। बच्चों के हल्ला करने पर मुखिया जी भड़क गए और कुछ बच्चों को पीट दिया। बस फिर क्या था, बच्चों के परिजन भी टूट पड़े और जिसके हाथ में जो आया उसी से करने लगे हमला।
यह भी पढ़ें - इंटर के परीक्षार्थी ने अगर किया यह काम तो माने जायेंगे अपराधी, FIR के साथ ही..., जरुर पढ़ें यह खबर...
लोगों की उग्रता देख आनन फानन में मुखिया अपने समर्थकों के साथ पंचायत भवन के कमरे में घुस कर खुद को बंद कर लिया लेकिन तब तक एक ग्रामीण और मुखिया के तीन समर्थक को चोट लग चुकी थी। इसके बाद लोगों ने मुखिया और उनके समर्थकों की गाड़ी पर हमला कर दिया और लाठी डंडे समेत ईंट पत्थर बरसा कर तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में मुखिया ने खुद ही पुलिस को मामले की सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र लोगों को समझा बुझा कर मामला शांत करवाया और सभी लोगों को वहां से बाहर निकाला।
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि मुखिया 5 किलो जलेबी लेकर पहुंचे थे और बच्चों को लाइन में खड़ा कर बाँट रहे थे। इस दौरान जलेबी खत्म हो गया तो बच्चों ने हंगामा शुरू कर दिया जिसके बाद मुखिया ने मासूम बच्चों की पिटाई कर दी जिससे स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। वहीं मुखिया ने बताया कि वे इस मौके पर करीब एक क्विंटल जलेबी लेकर पहुंचे थे। झंडोत्तोलन के बाद जब जलेबी का वितरण किया जा रहा था इस दौरान कुछ लोग खुद से ही उठाने लगे और मनमाने तरीके से जलेबी लेकर जाने लगे। उन्हें जब हमने रोका तो उग्र हो गए और हमला कर दिया।
मामले में अब स्थानीय थाना की पुलिस छानबीन में जुट गई है। घटना को लेकर थानाध्यक्ष श्यामकांत पांडेय ने बताया कि पंचायत के मुखिया ने इस मामले में आवेदन दिया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - 'जिसे जिम्मेदारी सौंपी गई उसने...', लालू की बेटी ने एक बार फिर अपने भाई पर साधा निशाना, पूछ डाले कई सवाल...
जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट