कोर्ट में पेशी के लिए आये कैदी ने प्रथम तल से लगा दी पोखर में छलांग, फिर तो...
हाजीपुर: वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पेशी के लिए लाये गए एक कैदी ने कोर्ट के प्रथम तल से पीछे बने एक पोखर में छलांग लगा दी। युवक के छलांग लगाने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई वहीं पोखर के समीप लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आनन फानन में पुलिस के साथ ही लोगों ने पोखर को घेर लिया और काफी समझा बुझा कर कैदी को बाहर निकाला। युवक के दुबारा पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
मामले में बताया जा रहा है कि युवक अपहरण मामले में जेल में बंद है और उसे सोमवार को पेशी के लिए हाजीपुर कोर्ट लाया गया था। हाजत से निकाल कर जब उसे प्रथम तल पर स्थित कोर्ट रूम ले जाया जा रहा था तभी युवक ने किसी तरह पुलिस की चंगुल से खुद को छुड़ा कर पीछे बने पोखर में छलांग लगा दी। युवक के छलांग लगाते ही पुलिसकर्मियों ने ऊपर से शोर मचाया जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पोखर को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद कई पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और काफी समझा बुझा कर उसे वापस बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसे चोट भी आई है।
यह भी पढ़ें - तेजस्वी ने अपने सभी विधायकों को किया पटना तलब, राज्यसभा चुनाव को लेकर...
कैदी के बारे में बताया जा रहा है कि युवक चांदपुरा के जहांगीरपुर निवासी पवन कुमार वैशाली के देसरी थाना अंतर्गत चांदपुर ओपी में दर्ज अपहरण के एक मामले में जेल में बंद था। पुलिस ने उसे करीब डेढ़ महीना पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था और सोमवार को पेशी के दौरान उसने भागने की कोशिश की। उसके ऊपर गांव की ही एक नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप है। फ़िलहाल पुलिस ने युवक को दुबारा पकड़ कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें - सीवान में आभूषण दुकान में दिनदहाड़े बड़ी लूट, हथियार ले कर घुसे बदमाशों ने...
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट