darsh news

कैमूर में ट्रेन हादसा: खेत जाने के दौरान दो सगे भाइयों की कटकर मौत

Kaimur train accident

बिहार के कैमूर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय–गया रेलखंड पर भभुआ रोड रेलवे स्टेशन और मुठानी स्टेशन के बीच बरेज गांव के पास डीएफसी रेलवे ट्रैक पर हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव निवासी मदन साह के पुत्र 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे दोनों भाई अपने खेत की ओर जा रहे थे। गांव के एक तरफ रेलवे लाइन और दूसरी ओर खेत होने के कारण ग्रामीणों का रोजाना इस ट्रैक को पार करना पड़ता है। इसी दौरान घने कोहरे के कारण उन्हें ट्रेन का अंदाजा नहीं हो सका और दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: रोहतास में जंगली हाथी का आतंक: सोन नदी किनारे झोपड़ियां तोड़ीं, दहशत में ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यहां रेलवे ट्रैक पार करने के लिए कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं है, जिससे अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर जल्द से जल्द अंडरपास या ओवरब्रिज बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें: बिहार में नीतीश के बिना नई सरकार: मंत्रिमंडल में फेरबदल, कुछ मंत्री बदल सकते हैं

वहीं आरपीएफ के जवान एस. के. पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी, जहां दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr