नहीं रहे 'महाभारत' के 'कर्ण', लंबी बीमारी के बाद 68 की उम्र में ली अंतिम सांस...
बी आर चोपड़ा की महाभारत धारावाहिक में कर्ण का जीवंत भूमिका निभाने वाले पंकज धीर का निधन हो गया. वे 68 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे. आज शाम मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा...

मुंबई: दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाली एक समय में काफी चर्चित धार्मिक धारावाहिक महाभारत किसे याद नहीं होगा। धारावाहिक महाभारत में दानवीर कर्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता पंकज धीर अब नहीं रहे। लंबे समय से कैंसर से लड़ते हुए उन्होंने बुधवार की सुबह अंतिम सांस ली। वे 68 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अभिनेता पंकज धीर के निधन की खबर की पुष्टि उनके मित्र फिरोज खान ने की। जानकारी के अनुसार आज शाम ही उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया जायेगा।
1981 से एक्टिंग की दुनिया में आये पंकज धीर ने महाभारत में दानवीर कर्ण की जीवंत भूमिका निभाने के साथ ही चंद्रकांता, बढ़ो बहू, देवों के देव...महादेव, सनम बेवफा, सड़क, जी हॉरर शो समेत कई शो में अपने अभिनय का छाप छोड़ा और दर्शकों के दिल पर लंबे समय तक राज किया। उन्होंने तुमको न भूल पाएंगे, बादशाह, सोल्जर समेत कई फिल्मों भी काम किया और दर्शकों से खूब सराहना पाई। पंकज धीर की महाभारत में अभिनय ने करोड़ों दिलों पर गजब का छाप छोड़ा और वे लोगों के दिल में बस गए। फिरोज खान अपने पीछे पत्नी अनीता, बेटे निकितन धीर, बहू कृतिका और पोती देविका को छोड़ गए हैं।