पटना में देर रात क्राइम मीटिंग, फतुहा में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन—1200 कारतूस बरामद
पटना: राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को और सख्त करने के उद्देश्य से देर रात तक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। एसपी के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की। बैठक में शहर के सभी सिटी एसपी, एएसपी, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी और गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: इन 5 राशियों के लिए खुशखबरी, कुछ को आर्थिक मामलों में रहना होगा सतर्क
इसी बीच पटना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत हथियार तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फतुहा थाना क्षेत्र में कुछ हथियार तस्कर भारी मात्रा में कारतूस लेकर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी समेत कुल तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: पटना में पुलिस ने किया एक और एनकाउंटर, भारी मात्रा में हथियार भी बरामद...
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक अभियुक्त छपरा का रहने वाला है। उनके पास से करीब 1200 कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूस किसने मंगवाए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। मामले को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।