प्रिंटिंग प्रेस की आड़ में अवैध धंधा, पुलिस ने की छापेमारी तो करोड़ों रूपये मूल्य के
पटना: राजधानी पटना की पुलिस ने STF के साथ संयुक्त कार्रवाई में बड़ी उपलब्धि हासिल की है और अंतरराज्यीय लॉटरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जहां लाखों रूपये मूल्य के लॉटरी टिकट बरामद किया है तो दूसरी तरफ 18 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी और इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़ रहे हैं।
डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी पटना के बायपास थाना क्षेत्र के पैजावा इलाके में स्थित एक मकान में एक प्रिंटिंग प्रेस में अवैध लॉटरी का गोरखधंधा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार बरामद टिकट की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पुलिस को शक है कि यह एक संगठित गिरोह है और इसका नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। यहां से टिकट बिहार के विभिन्न जिलों के साथ ही देश के कई राज्यों में भी भेजा जाता था।
यह भी पढ़ें - बिहार के अगले सीएम के रूप में कंफर्म हो गए सम्राट? भागलपुर में नीतीश ने किया इशारा तो बढ़ गई हलचल
डीएसपी ने बताया कि छापेमारी वाली जगह पर टिकट प्रिंट किया जाता था। अब पुलिस प्रिंटिंग प्रेस के मालिक की भूमिका की जांच कर रही है साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भी खोजबीन की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस को सील कर दिया है और बरामद लॉटरी टिकट को जब्त कर लिया है साथ ही 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट