मुजफ्फरपुर: बिहार में करीब 10 वर्षों से शराबबंदी कानून लागू है और ऐसे में नशे के कारोबार पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है बावजूद इसके राज्य में कारोबारी मानने के लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि शराब कारोबार पर पुलिस कार्रवाई करती है तो दूसरी तरफ कारोबारी नए नए तरीके इजाद कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है जहां शराब कारोबार का तरीका देख पुलिस भी हैरान हो गई। कार्रवाई में गई पुलिस को भी एक पल के लिए लगा था कि यहां कुछ नहीं है लेकिन जब छानबीन शुरू की गई तो फिर जो दिखा उसके बाद तो पुलिस के पैरों तले से जमीन ही खिसक गई।
दरअसल मुजफ्फरपुर के अहियापुर मोतीपुर इलाके में मद्य निषेध विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम अवैध शराब कारोबार की सूचना पर छापेमारी में पहुंची थी। इस दौरान जब टीम मौके पर पहुंची थी तो वहां मधुमक्खी पालन के लिए बक्शे रखे मिले जिसके बाद पुलिसकर्मियों को लगा कि किसी ने गलत सूचना दे दी। पुलिस ने जब एक बक्शे को खोला तो उसमें बैठे मधुमक्खियों ने हमला भी किया लेकिन कार्रवाई जारी रही। इसके बाद तो पुलिसकर्मियों के होश ही उड़ गए क्योंकि मधुमक्खी के बक्शे में शहद की जगह नशा का सामान रखा हुआ था। जैसे जैसे बक्शे खुलते गए कई महंगे ब्रांड की शराब और बियर के कैन मिलते गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब और बियर बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने दो कारोबारियों को गिरफ्तार भी किया और अब छानबीन में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - मॉरिशस में गूंजी बिहार की कला और संस्कृति, पांडुलिपि संरक्षण और मिथिला पेंटिंग को लेकर...
मामले को लेकर उत्पाद थाना के प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक लीची बागान में छापेमारी की गई जहां मधुमक्खी के बक्शे में शहद की जगह नशे का सामान बरामद हुआ है। सभी बक्शों को जब्त कर लिया गया है और दो कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ जवानों को मधुमक्खी ने डंक भी मारा है जिनका इलाज कराया जा रहा है। फ़िलहाल गिरफ्तार कारोबारियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें - पंचायत चुनाव में बदलेगा परिसीमन या? मंत्री दीपक प्रकाश ने कर दिया स्पष्ट और कहा...