अपनी ही सरकार के मंत्री के जवाब से असंतुष्ट दिखी मैथिली ठाकुर, सदन में कहा 'एक बार फिर से...'
पटना: बिहार विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है और इस दौरान सदन में प्रश्नोत्तरी भी जारी है। सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान मशहूर लोक गायिका और दरभंगा के अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर अपनी ही सरकार के मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखी। प्रश्नकाल के दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र से संबंधित एक सवाल के लिखित जवाब से असंतुष्ट मैथिली ठाकुर ने कहा कि जवाब मिला है लेकिन इसके तथ्य सत्यता से परे है। मैं स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह करती हूँ कि एक बार फिर से मामले की जांच करवा लें।
यह भी पढ़ें - विपक्ष ने लॉ एंड ऑर्डर के सवाल पर किया सदन का बहिष्कार, मंत्री ने कहा 'विपक्ष हमारे साथ...
दरअसल मैथिली ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग के मंत्री मंगल पांडेय से अपने क्षेत्र के एक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित प्रश्न किया था। प्रश्न में उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन का जिक्र करते हुए बताया था कि मकान पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और इसके ही एक कोने में इलाके के करीब 50 हजार लोगों का इलाज होता है। पहले यहां दो MBBS डॉक्टरों की तैनाती थी लेकिन अब सिर्फ एक आयुष चिकित्सक हैं। वे भी जब छुट्टी पर चले जाते हैं तो लोगों को इलाज नहीं मिल पाता है। मैथिली ने जोर दे कर इलाके में MBBS डॉक्टर की तैनाती पर जोर दिया और स्वास्थ्य मंत्री से एक बार फिर जर्जर भवन की जांच करवाने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि मैथिली के सवाल के जवाब में मंत्री मंगल पांडेय ने भवन को जर्जर न कहते हुए मरम्मत की जरूरत बताया था।
मैथिली ठाकुर ने अपनी ही सरकार के मंत्री के जवाब से असंतोष जाहिर किया तो पूरा सदन खामोश था और सभी लोग उनकी बातों को सुन रहे थे। मैथिली ठाकुर ने कहा कि वे बचपन से मंगल पांडेय को स्वास्थ्य मंत्री के रूप में काम करते हुए देखते आ रहे हैं और उन्हें उनसे बहुत उम्मीदें हैं। मैथिली ने मंत्री मंगल पांडेय से आग्रह किया कि एक बार फिर से मामले की जांच करवाई जाये और जो भी उचित कार्रवाई हो वह किया जाये।
यह भी पढ़ें - तेज प्रताप को हलके में लेते हैं मुंहबोले मामा सुनील सिंह, CM नीतीश को लेकर भी कही बड़ी बात....