नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया है इसके बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य कई केंद्रीय मंत्री और नेताओं ने बधाई दी और राज्यसभा की यात्रा के लिए शुभकामनायें दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए उनके अनुभव से संसद की गरिमा में बढ़ोतरी की बात कही वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कह दिया कि मैं नीतीश कुमार को बधाई नहीं दूंगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण पर बधाई दी और कहा कि नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आज मैं नीतीश जी को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेने की बधाई नहीं दूंगा। बस इतना कहूँगा कि 'बिहार विल मिस यू नीतीश जी।' ये मैं ही नहीं पूरे बिहार की जनता कह रही है।
बता दें कि नीतीश कुमार ने शुक्रवार को संसद भवन में राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नीतीश कुमार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई। इस दौरान उनके साथ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत जदयू और भाजपा के कई दिग्गज नेता भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार अब शनिवार या रविवार को सीएम नीतीश बिहार आयेंगे और फिर अपने पद से इस्तीफा देंगे जिसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें - बिहार विधानसभा में साइनाइड और गैस मिला 13 RDX IED होगा ब्लास्ट, धमकी भरे मेल के बाद पटना में हड़कंप