पटना: बिहार की सियासत में चल रहे उलटफेर के बीच कहा जा रहा है कि सीएम नीतीश मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। सीएम के इस्तीफा के साथ ही नए सीएम के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इस बीच राजधानी पटना में मैराथन बैठकों का दौर जारी है। सोमवार को दिन भर संजय झा, सम्राट चौधरी के आवास बैठकें चलती रही। इस बीच खबर आ रही है कि सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुखिया हो सकते हैं। हालांकि अभी किसी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बीच नीतीश कुमार के समर्थक भावुक हो रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है।
सोशल मीडिया पर मांझी ने लिखा है कि 'नीतीश जी, अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें। सबको पता है कि आपका यह ख्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है। नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौका है जब आपको मुख्यमंत्री पद की छोड़ने की बातों सुनकर ही करोड़ों लोगों के आंखों में आंसू भर आएं हैं। भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फ़ैसला आपका अपना फैसला है जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज गमजदा है। हर बिहारी कह रहा है, वी विल मिस यू नीतीश जी, आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है।'
जानकारी के अनुसार मंगलवार को राजधानी पटना में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी जिसमें आगामी रणनीतियों पर चर्चा होगी। चर्चा है कि इस पद के लिए सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है और उन्हीं पर मुहर लग सकती है। बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद एनडीए के सभी विधायकों की संयुक्त बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि इसी बैठक में सम्राट चौधरी को बिहार का नया नेता चुन लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले सीएम नीतीश ने भी मंगलवार को कैबिनेट की अंतिम बैठक बुलाई है। संभावना है कि इन बैठकों के बाद वह अपने पर से इस्तीफा दे देंगे। अगले दिन 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के साथ लोक भवन में शपथ ग्रहण करेंगे। पटना में शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी में प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकें चल रही हैं। सोमवार को पटना के डीएम, एसएसपी और कमिश्नर ने राज्यपाल के सचिव से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि यह बैठक समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए हुई। मंगलवार सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद सूचना भवन में प्रेस ब्रीफिंग भी रखी गई है। यहां पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी दी जा सकती है।