मास्टर जी का ‘तांत्रिक टेस्ट’ पड़ा भारी! अक्षत खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत
बिहार के सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित अथरी मध्य विद्यालय में अंधविश्वास का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक छात्र का सोने का हनुमान लॉकेट चोरी होने के बाद स्कूल में ऐसा कदम उठाया गया, जिससे 28 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, लॉकेट चोरी की घटना के बाद कथित तौर पर एक शिक्षक ने चोर का पता लगाने के लिए तथाकथित ‘तांत्रिक विधि’ अपनाई। इस दौरान बाहर से लाए गए अक्षत (चावल) को ‘सच सामने लाने’ के नाम पर सभी बच्चों को खिलाया गया। बच्चों को बताया गया कि जिसने चोरी की होगी, उसी पर इसका असर दिखेगा।
हालांकि चावल खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी जैसा महसूस होना और सिरदर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते करीब 28 छात्र-छात्राओं की हालत बिगड़ गई। स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और अभिभावकों को तत्काल सूचना दी गई। सभी बीमार बच्चों को आनन-फानन में रुन्नीसैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर हैं। प्राथमिक जांच में फूड रिएक्शन या मनोवैज्ञानिक प्रभाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि स्पष्ट कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें: निगरानी टीम ने की कार्रवाई, घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया सर्वे अमीन … पूरी घटना जान आप भी हो जाएँगे स्तब्ध
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अंधविश्वास के नाम पर बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया है। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दोष सिद्ध होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।