पटना: बिहार में प्रचंड गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और सूर्य की तपिश से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि तापमान में गिरावट नहीं होगी लेकिन लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को गर्मी से राहत की उम्मीद जताई है तो शनिवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की भी संभावना बताई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से 3 - 4 डिग्री अधिक बना रहेगा।

मौसम विभाग ने राज्य में शनिवार से कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके अनुसार शनिवार की पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर में हल्की बारिश की संभावना जताई है जबकि रविवार को राजधानी पटना समेत गया जी, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई है। हालांकि इस बारिश की वजह से तापमान में गिरावट नहीं आएगी लेकिन गर्मी से राहत जरूर मिल सकती है।

बिहार में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री अधिकतम तापमान बक्सर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री नालंदा में रहा। बिहार का अधिकतम तापमान 36.2 से 44.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि राज्य का न्यूनतम तापमान 21.0 से 27.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग की माने तो, 24 से 30 अप्रैल तक राज्य के पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री, जबकि बाकी भागों के अनेक जिलों का 38 से 40 डिग्री रहने की संभावना है। पहले सप्ताह के दौरान दो से तीन दिनों के लिए राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग के कुछ जिलों में लू चलने की आशंका है।