बिहार में मोदी-नीतीश का कमाल, NDA 200 पार, तेजस्वी के सामने अपनी सीट बचाने की जद्दोजहद...
बिहार में मोदी-नीतीश का कमाल, NDA 200 पार, तेजस्वी के सामने अपनी सीट बचाने की जद्दोजहद...
पटना: बिहार चुनाव का परिणाम अब लगभग अंतिम रूप में आ चुका है। अब तक के रुझानों के अनुसार NDA 200 से अधिक सीटों पर बढत बनाये हुए है जबकि महागठबंधन 30 से भी कम सीटों पर सिमटता हुआ नजर आ रहा है। आलम यह है कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी लंबे समय से पीछे चल रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी सिर्फ एक सीट पर बढ़त में है जबकि उप मुख्यमंत्री पद के दावेदार मुकेश सहनी की पार्टी VIP कहीं नजर भी नहीं आ रही।
NDA की बढत पर गठबंधन के नेताओं में हर्ष का माहौल है। दोपहर से ही भाजपा और जदयू कार्यालय में जश्न का माहौल बना हुआ है। हालांकि इस बीच जीतन राम मांझी की पार्टी हम और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का स्ट्राइक बेहतर दिख रहा है। दोनों ही पार्टियां 5-5 सीटों पर लीड कर रही है। NDA की बढत और कई मंत्रियों की जीत के बाद जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें - बिहार चुनाव का आने लगा रुझाने, NDA बहुमत में, JDU सबसे बड़ी पार्टी...
बिहार चुनाव परिणाम देखने के बाद अब राजनीतिक जानकारों ने कहा कि यह मोदी-शाह और नीतीश का कमाल है कि गठबंधन के सभी दलों को एकसाथ बांधे रखा वहीं NDA की विकास के एजेंडे ने कमाल कर दिया। इतना ही नहीं नीतीश कुमार के दस हजार रूपये ने भी काफी काम किया और बिहार की महिलाओं ने एकजुट हो कर NDA के पक्ष में मतदान किया है।
दिग्विजय सिंह ने बताया 'मेनीपुलेटेड' जीत
बिहार में महागठबंधन की हार को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे जो शक था वह सही निकला। यह वोटिंग और रिजल्ट दोनों ही मेनीपुलेटेड था। वहीं उन्होंने कहा कि जंगलराज तो 2005 में ही खत्म हो गया था उसके बाद बिहार में जंगलराज कहाँ है।
फिसड्डी साबित हुई जन सुराज
बिहार में नई राजनीति की शुरुआत करने के दावे के साथ राजनीति में आये प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का एजेंडा पूरी तरह से फेल हो गया। प्रशांत किशोर की पार्टी शुरू से ही कहीं नहीं दिखी और बिहार चुनाव में बुरी तरह से पिट गई जबकि दूसरी तरफ असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM 5 सीटों पर आगे चल रही है।
यह भी पढ़ें - फेल हो गया PK का प्लान, मोदी नीतीश का फैक्टर सुपर टॉप, क्या हाल है तेजस्वी का...