नालंदा: बिहार के नालंदा में सोमवार को एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलीथिन जब्त किया गया। इसके साथ ही अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने दो जेनरेटर जब्त किए। मामला नालंदा जिला मुख्यालय के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरारपुर का है जहां गुप्त सूचना के आधार पर उप नगर आयुक्त शम्स रजा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान करीब 30 टन प्लास्टिक की थैलियां बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी जा रही है। इस दौरान टीम ने सड़क पर रखे गए दो जेनरेटर भी जब्त किया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्लास्टिक गोदाम से निकालने में करीब 13 ट्रैक्टर लगाने पड़े। नगर निगम की टीम ने इस दौरान एक मैरिज हॉल के सामने सड़क पर रखे दो जेनरेटर भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि जेनरेटर की वजह से आम लोगों के आवागमन में भी परेशानी हो रही थी। इस दौरान कार्रवाई देख स्थानीय दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया और लोग अपने सामान को दुकान में रख बंद करने लगे। उप नगर उपायुक्त ने बताया कि शहर को अतिक्रमणमुक्त और साफ तथा सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान शहर की साफ सफाई को लेकर हर तरह से कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सिटी मैनेजर साकेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, परमानंद प्रसाद सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।