राजधानी पटना में छापेमारी के लिए गई नारकोटिक्स की टीम पर हमला, करनी पड़ी फायरिंग...
पटना: राजधानी पटना में मंगलवार को छापेमारी में गई नारकोटिक्स विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने टीम पर पत्थरबाजी की जिसके बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। इस दौरान नारकोटिक्स की टीम लोगों के बीच घिर गई जिसके बाद आत्मरक्षार्थ फायरिंग भी करनी पड़ी। वहीं बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस जब मौके पर पहुंची तब टीम भीड़ के बीच से निकल सकी। इस दौरान नारकोटिक्स की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार भी किया जिसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ भी बरामद किया गया है।
घटना के संबंध में बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई कि थानाक्षेत्र के चीनाकोठी मोहल्ला में नारकोटिक्स की टीम गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के लिए पहुंची थी। छापेमारी के दौरान टीम ने आकाश धागड़ नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया जिसके पास से 54 पुड़िया स्मैक और 6700 रूपये नकद बरामद किये गए। टीम जब उसे लेकर निकलने लगी तभी मोहल्ले के 100 से अधिक महिला पुरुषों ने पत्थरबाजी कर दी। पत्थरबाजी में नारकोटिक्स विभाग के दो कर्मियों को चोट भी लगी है वहीं उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
यह भी पढ़ें - बिहार के अगले सीएम के रूप में कंफर्म हो गए सम्राट? भागलपुर में नीतीश ने किया इशारा तो बढ़ गई हलचल
लोगों ने टीम को घेर लिया और काफी आक्रोशित हो कर हमला कर रही थी जिसके नारकोटिक्स विभाग के कर्मियों ने आत्मरक्षार्थ दो राउंड फायरिंग भी की। फायरिंग के बाद लोग पीछे हटे वहीं बुद्धा कॉलोनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया और टीम को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में पहले भी जेल चुका है। उसकी पत्नी भी जेल जा चुकी है।
घटना के बाद गिरफ्तार युवक की मां ने साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह जब टीम आई उसी दौरान पड़ोस के दो लोगों ने मेरे बेटे के सामने स्मैक का पैकेट फेंक दिया और टीम ने मेरे बेटे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि छापेमारी के लिए गई नारकोटिक्स टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मामले की जांच की जा रही है और दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - राज्य में बढ़ा है सूखे नशा का कारोबार, मद्य निषेध ADG ने कहा 'अब नारकोटिक्स ब्यूरो के तर्ज पर...'
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट