darsh news

ओवैसी की पार्टी देगी NDA को अपना समर्थन? कुशवाहा के आवास पर बैठक के बाद बोले विधायक..

nda meeting

पटना: राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। शनिवार को रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर NDA विधायक दल की बैठक बुलाई गई जिसमें उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। इस दौरान सभी विधायकों को 16 मार्च को वोटिंग तक पटना में रुके रहने का निर्देश दिया गया साथ ही चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की गई। बैठक से निकलने के बाद NDA के सभी विधायक काफी जोश में दिखे और पांच की पांच सीट पर जीत का दावा किया।

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि किसकी बहुमत है यह तो 16 को पता चल ही जायेगा। हमें यह नहीं पता कि कौन कितनी सीट जीत रहा है लेकिन यह जानती हूँ कि NDA पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही मंत्री संजय सिंह ने कहा कि NDA की सभी पांच सीटों पर NDA की जीत तय है। इस दौरान उन्होंने तीन वोट कम होने के सवाल पर कहा कि ओवैसी की पार्टी अंतिम समय में NDA को अपना समर्थन देगी। इसके साथ ही कई विपक्षी विधायक भी NDA के पक्ष में वोटिंग करेंगे जिससे हमारी जीत सुनिश्चित है और हमारी पार्टी के उम्मीदवारों को तय आवश्यक वोट से अधिक वोट प्राप्त होगा।

इस दौरान जदयू MLC एवं प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि इस बात में कोई शक ही नहीं है कि हमलोग जीत दर्ज कर रहे हैं। हमारे सभी पांच उम्मीदवार चुनाव में जीत दर्ज कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी के एक सीट जीतने के दावे और चिराग की पार्टी के विधायकों के संपर्क में होने के सवाल पर तंज कसते हुए कहा कि वह बाहर आ गए हैं क्या? पत्रकार ने जब कहा कि नहीं उन्होंने गाड़ी में बैठ कर बात की तो नीरज कुमार ने कहा कि नहीं न निकले, वह निकलेंगे भी नहीं। वह सिर्फ लोगों को भ्रमित करने के लिए कहेंगे कि ये विधायक हमारे संपर्क में है वह विधायक हमारे संपर्क में है लेकिन यह नहीं कह पाएंगे कि हम जीत पाएंगे। नीरज कुमार ने कहा कि हमलोगों को अब जीत की आदत लग गई है। हम 2024 में जीते, 2025  में जीते तो 2026 में नहीं जीतेंगे? इस बार भी हमारे सभी उम्मीदवार जीतेंगे और राज्यसभा जायेंगे। वे लोग अब बस ऐसे ही भ्रम में रहेंगे।

यह भी पढ़ें     -     51 नहीं 44: मंत्री अशोक चौधरी ने बताई निशांत की सही उम्र, कहा 'गलत जन्मतिथि...'

बता दें कि बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमे से पांच NDA के उम्मीदवार हैं जबकि एक उम्मीदवार महागठबंधन की तरफ से राजद के अमरेंद्रधारी सिंह हैं। वहीं NDA की तरफ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा की तरफ से शिवेश कुमार मैदान में हैं। 5 सीटों में से 4 पर NDA की जीत तय है लेकिन एक सीट के लिए NDA को दूसरी पार्टी के 3 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है जिसके संबंध में NDA के नेता लगातार दावा कर रहे हैं कि वर्तमान सरकार के काम काज और विकास को देखते हुए विपक्ष के विधायक भी हमारे पक्ष में वोटिंग करेंगे। राज्यसभा चुनाव हेतु 16 मार्च को वोट डाले जायेंगे और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें     -     कल पटना की सड़क पर निकलने से पहले पढ़ लें यह खबर, इन रूटों पर वाहनों का परिचालन रहेगा बंद...


Scan and join

darsh news whats app qr