darsh news

युवा, महिला, किसान के साथ पिछड़े और दलित पर NDA का विशेष ध्यान, अगले 5 वर्षों में बिहार बनेगा वैश्विक इंडस्ट्रियल हब...

युवा, महिला, किसान के साथ पिछड़े और दलित पर NDA का विशेष ध्यान, अगले 5 वर्षों में बिहार बनेगा वैश्विक इंडस्ट्रियल हब...

NDA's special focus is on youth, women, farmers, backward an
युवा, महिला, किसान के साथ पिछड़े और दलित पर NDA का विशेष ध्यान, अगले 5 वर्षों में बिहार बनेगा वैश्विक- फोटो : Darsh News

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को NDA ने अपना चुनावी मेनिफेस्टो 'संकल्प पत्र' जारी किया है। NDA का संकल्प पत्र केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य नेताओं ने जारी किया।

युवा, महिला और किसान पर विशेष फोकस

NDA के संकल्प पत्र में युवा, महिला और पिछड़े-अति पिछड़े पर खास ध्यान रखा गया है। NDA के संकल्प पत्र में एक तरफ अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने, एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की घोषणा के साथ ही अतिपिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों को 10 लाख रूपये तक की सहायता, की घोषणा की गई है। इसके साथ ही अति पिछड़ा वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक उन्नति के लिए एक सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जायेगा। इसके साथ ही किसानों के लिए भी NDA ने बड़ी घोषणा की है। NDA की सरकार बनने पर किसानों को कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 9 हजार रूपये दिए जायेंगे। इसके साथ ही एग्री इन्फ्रास्ट्रक्चर में एक लाख करोड़ का निवेश करते हुए पंचायत स्तर पर किसानों के फसल की खरीद MSP पर की जाएगी।

अनुसूचित जाति को भी मिलेगी मदद

उच्च संस्थानों में शिक्षणरत अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को प्रति माह दो हजार रूपये दिए जायेंगे। सभी अनुमंडलों में आवासीय विद्यालय एवं उद्यमियों के लिए विशेष वेंचर फंड स्थापित किया जायेगा।  

मत्स्यपालक और दुग्ध उत्पादक को भी मिलेगी मदद

NDA के संकल्प पत्र में मत्स्य एवं दुग्ध उत्पादकों को भी लाभ देने की घोषणा की गई है। NDA की सरकार बनने पर मत्स्य पालकों को भी प्रति वर्ष 9 हजार रूपये का लाभ दिया जायेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादकों के लिए प्रखंड स्तर पर दुग्ध चिलिंग व प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किया जायेगा ताकि दुग्ध उत्पादकों को अपना दूध बेचने में आसानी हो। 

इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर भी जोर

NDA के संकल्प पत्र में राज्य में इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर दिया गया है। NDA ने घोषणा की है कि हमारी सरकार बनने पर हम राज्य में 7 नए एक्सप्रेसवे बनायेंगे साथ ही 3600 किलोमीटर रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण करेंगे। राज्य में अमृत भारत एक्सप्रेस और रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जायेगा साथ ही चार अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत की जाएगी। न्यू पटना में ग्रीनफिल्ड शहर और राज्य के विभिन्न शहरों में सैटेलाईट टाउनशिप की स्थापना की जाएगी। पटना और गया जी के साथ ही पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जायेगा। मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी 'सीतापुरम' के रूप में विकसित किया जायेगा।

औद्योगिक क्रांति की गारंटी

बिहार में एक लाख करोड़ रूपये के निवेश से औद्योगिक क्रांति की घोषणा NDA ने की है। इसके लिए विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाया जायेगा जिससे लाखों लोगों को नौकरी बिहार में मिल सके। प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित किये जायेंगे। अगले पांच वर्षों में बिहार में एक न्यू ऐज इकॉनमी का निर्माण किया जायेगा साथ ही बिहार को वैश्विक बैक एंड हब और ग्लोबल वर्कप्लेस के रूप में विकसित किया जायेगा। बिहार में न्यू ऐज इकॉनमी डेवलपमेंट के लिए 50 लाख करोड़ के निवेश के लिए उद्योगपतियों को आकर्षित किया जायेगा। मिथिला मेगा टेक्सटाइल एंड डिजाईन पार्क एवं अंग मेगा सिल्क पार्क से बिहार को दक्षिण एसिया का टेक्सटाइल और सिल्क हब बनाया जायेगा। 

गरीबों पर भी है ध्यान

गरीब परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली, 5 लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज, 50 लाख नए पक्के मकान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की घोषणा NDA ने की है। इसके साथ ही गरीब बच्चों के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही स्कूलों में मिडडे मील, पौष्टिक नाश्ता की भी घोषणा NDA ने की है। 

किसानों के लिए है खास

किसानों के उत्पाद का बेहतर मूल्य के लिए बिहार में 5 नए मेगा फ़ूड पार्क स्थापित किया जायेगा, साथ ही कृषि उत्पाद के निर्यात को बढ़ावा दिया जायेगा। 2030 तक बिहार को दलहन उत्पाद में आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प NDA ने लिया है। बिहार में उत्पादित मखाना, मछली समेत अन्य उत्पादों को ग्लोबली एक्सपोर्ट किया जायेगा। 

पूर्वी भारत का नया टेक हब

NDA ने बिहार में डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, मेगा टेक सिटी, फिनटेक सिटी की स्थापना करने की घोषणा की है। इसके साथ ही NDA ने बिहार में विश्व स्तरीय शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य खेल के क्षेत्र में बिहार को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। 

अध्यात्म और कला संस्कृति का विकास

NDA ने बिहार को आध्यात्मिक पर्यटन का वैश्विक हब बनाने के लिए मां जानकी मंदिर और विष्णुपद, महाबोधि कॉरिडोर निर्माण, रामायण, जैन, बौद्ध, गंगा सर्किट का विकास के साथ ही 1 लाख ग्रीन होम स्टे स्थापित करने के लिए कोलैटरल फ्री ऋण उपलब्ध करायेंगे। इसके साथ ही बिहार में फिल्म सिटी, शारदा सिन्हा कला एवं संस्कृति विश्वविद्यालय की स्थापना, बिहार स्कूल ऑफ़ ड्रामा, फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान शुरू की जाएगी। 

5 वर्षों में बाढ़ से मुक्ति

बिहार को NDA ने 5 वर्षों के अंदर बाढ़ से मुक्त करने की घोषणा की है। इसके लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना एवं फ्लड तो फार्च्यून मॉडल के तहत नदी जोड़ परियोजना, तटबंध, नहरों का शीघ्र निर्माण करके कृषि व मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जायेगा।

Scan and join

darsh news whats app qr