पटना: बिहार विधानसभा में NDA विधायक दल की बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से चुना गया। सम्राट चौधरी NDA विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद लोक भवन पहुंचे जहां उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब सम्राट चौधरी बुधवार को लोक भवन में सीएम पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के चुने जाने के बाद भाजपा में हर्ष का माहौल है वहीं अभी डिप्टी सीएम के नाम की जानकारी नहीं दी गई है।

विधानसभा में NDA विधायक दल की बैठक के बाद बाहर निकले मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अनंत सिंह ने निशांत के उप मुख्यमंत्री पद के लिए तैयार नहीं होने के सवाल पर कहा कि वह तैयार होंगे और उन्हें होना चाहिए। अनंत सिंह ने कहा कि अगर वह नहीं मानेंगे तो उन्हें हम भी मनाने जायेंगे। अभी वह बच्चा हैं लेकिन मान जायेंगे और उन्हें उप मुख्यमंत्री बनना चाहिए।

यह भी पढ़ें   -     सम्राट होंगे बिहार के नए 'चौधरी', संभालेंगे नीतीश की विरासत

इस दौरान अनंत सिंह से जब मीडिया ने सवाल किया कि आपने आज नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनका चेहरा आज कैसा था तो अनंत सिंह ने कहा कि आज हमारी मुलाकात नहीं हुई और मैंने उनकी तरफ देखा ही नहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे तो बेहतर काम होगा लेकिन बिहार के मालिक अभी भी नीतीश कुमार ही होंगे। नीतीश कुमार जैसा आदेश करेंगे बिहार का विकास उसी तरह से होगा। उन्होंने सीएम नीतीश के दिल्ली जाने से उनकी कमी के सवाल पर कहा कि दिल्ली ही जा रहे हैं, कितना समय लगता है दिल्ली जाने में। वह कहीं दूर नहीं जा रहे हैं बल्कि हमलोगों के साथ ही रहेंगे।

यह भी पढ़ें   -     BJP के नेता चुने जाने के बाद सम्राट ने शीर्ष नेतृत्व को कहा धन्यवाद, NDA विधायक दल में भी बनी सहमति