निशांत कुमार ने जिलाध्यक्षों के साथ की बैठक, संजय झा ने बताया 'क्या है आगे का प्लान...'
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को पार्टी की सदस्यता लेंगे लेकिन उससे पहले ही वह राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की तो दूसरी तरफ शनिवार को उन्होंने जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठकों के दौरान निशांत आगामी रणनीतियों पर चर्चा कर रहे हैं। शनिवार को निशांत कुमार राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे जहां प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक के बाद राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने मीडिया से बात की और सीएम के राज्यसभा जाने और निशांत की राजनीतिक एंट्री की जानकारी दी।
मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला खुद नीतीश कुमार ने लिया है। उन्होंने साफ साफ साफ कहा है कि सदस्य भले ही राज्यसभा के होंगे लेकिन बिहार की नई सरकार को वह पूरी तरह से मार्गदर्शन देंगे और बिहार की बेहतरी के लिए काम करेंगे। आपलोग बार बार कह रहे हैं कि नीतीश कुमार दिल्ली जा रहे हैं तो मैं बता दूँ कि वह सिर्फ संसद के सत्रों या अन्य कुछ काम के दौरान ही दिल्ली में रहेंगे बाकि समय वह पटना में ही रहेंगे और सरकार के काम काज को देखते हुए अपना मार्गदर्शन देंगे।
यह भी पढ़ें - राजनीतिक हलचल के बीच सम्राट को आया शाह का बुलावा, रविवार को इस मुद्दे पर हो सकती है...
इस दौरान संजय झा ने निशांत कुमार के राजनीतिक एंट्री पर भी जानकारी दी और कहा कि लंबे समय से निशांत की पार्टी में एंट्री की मांग की जा रही थी। शुक्रवार को सीएम आवास में विधान मंडल दल की बैठक के दौरान हमने प्रस्ताव दिया जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया और अब निशांत कल पार्टी जॉइन करने की फोर्मलिटी पूरी करते हुए अगले दिन से पार्टी का काम काज शुरू करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने निशांत कुमार की भूमिका के सवाल पर कहा कि वह पार्टी का काम शुरू करेंगे और उसके बाद पार्टी जो भी जिम्मेदारी उन्हें देगी वह निभाएंगे। उन्होंने विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की है और आगे भी काम करते रहेंगे। संजय झा ने कहा कि जदयू नीतीश कुमार ने बनाई और इतने लंबे समय तक उन्होंने बिहार की सेवा भी की।
नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में बिहार को एक मुकाम पर पहुंचा दिया है। आने वाले दिनों में नीतीश कुमार के कार्यकाल को बिहार के लिए स्वर्णिम काल के दिन के रूप में जाना जायेगा। नीतीश कुमार ने जो भी फैसला लिया है उससे पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता मर्माहत हैं। हम भी मर्माहत हैं लेकिन वह पहले भी कहते रहे हैं कि तीन सदन में सदस्य रह चुके हैं, राज्यसभा भी जाना चाहते हैं और अब उन्होंने खुद ही निर्णय लिया है। मर्माहत होने के बाद अन्य नेता और कार्यकर्ता बोल लेते हैं और अपनी नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं लेकिन हम एक जिम्मेवारी में हैं इसलिए हमलोग मर्माहत हो कर भी अपनी भावना दर्शा नहीं पा रहे हैं।
वहीं इस दौरान मीडिया से बात करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि हमारे नेता ने निर्णय ले लिया है और उन्होंने कल विधान मंडल दल की बैठक में सभी को जानकारी भी दे दी है। इस दौरान उन्होंने सभी को आश्वस्त किया है कि हमारी सिर्फ भूमिका बदली है काम पहले की तरह करते रहेंगे और पार्टी की जिम्मेवारी भी निभाएंगे। अब उन्होंने निर्णय ले लिया है तो फिर हम उन्हें शुभकामना देते हैं। इस दौरान उन्होंने निशांत कुमार के पॉलिटिकल एंट्री को लेकर कहा कि लंबे समय से कार्यकर्ता इसकी मांग कर रहे थे जो अब पूरा होने जा रहा है। वहीं उन्होंने अगले मुख्यमंत्री के नाम के सवाल पर कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री ने अभी इस्तीफा दिया ही नहीं है तो फिर नए सीएम की चर्चा भी अभी क्यों कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें - JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे निशांत, प्रदेश अध्यक्ष भी...