पटना: बिहार में सरकार के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हलचल काफी तेज है। खबर मिल रही है कि सीएम नीतीश कल तक मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे सकते हैं और 15 अप्रैल को बिहार को एक नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। राजनीतिक हलचल के बीच अब जदयू कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पोस्टर हटा लिया गया है। जदयू कार्यालय के बाहर से सीएम नीतीश का पोस्टर हटाए जाने को लेकर अब सियासी गलियारे में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बता दें कि जदयू कार्यालय के बाहर सीएम नीतीश का बड़ा सा पोस्टर लगा होता था जिसके ऊपर समय समय पर स्लोगन या नारे बदलते जरूर थे लेकिन पोस्टर में फोटो हमेशा सीएम नीतीश की होती थी। अब मुख्यमंत्री पद से हटने की आहट के बीच उनका पोस्टर हटाया जाना एक बड़ा इशारा करता है। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होंगे लेकिन नाम कई नेताओं के चल रहे हैं। वहीं जदयू से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग भी काफी उठ रही है।
फिलहाल बिहार के बदलते राजनीतिक समीकरण के बीच यह देखना होगा कि बिहार की सत्ता की चाभी किसे दी जाती है। इस बीच खबर यह भी मिल रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की शाम पटना आयेंगे और रात्रि विश्राम भी यहीं करेंगे। इसके बाद अब इस बात को बल मिलता दिख रहा है कि सीएम नीतीश कल अपना इस्तीफा देंगे और बुधवार को नया सीएम अपने कैबिनेट के साथ शपथ ग्रहण कर सकते हैं। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।