मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बनने के बाद कभी भी सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि सीएम नीतीश 14 अप्रैल को इस्तीफा देंगे और 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का गठन होगा लेकिन इससे पहले नीतीश कुमार अभी भी अपने काम को लेकर सक्रिय हैं। शनिवार की शाम नीतीश कुमार की सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। बिहार में अब सरकारी डॉक्टर्स प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे डॉक्टरों को अलग से गैर व्यावसायिक भत्ता / प्रोत्साहन राशि दिए जाने की भी बात कही है जिसका संबंधित विभाग से अनुमोदन प्राप्त होने पर घोषणा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी अधिसूचना में कहा है कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत घोषित कार्यक्रम की कंडिका 5(च) के तहत एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति अंतर्गत कार्यरत बिहार स्वास्थ्य सेवा संवर्ग, बिहार चिकित्सा शिक्षा सेवा संवर्ग और इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्सकों/ चिकित्सक शिक्षकों के निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर राज्य सरकार ने सहमति दे दी है। उक्त नियम के क्रियान्वयन और चिकित्सकों को गैर व्यावसायिक भत्ता/ प्रोत्साहन राशि दिए जाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन के उपरांत अलग से निर्गत किया जायेगा।
यह भी पढ़ें - CM आवास में बढ़ी हलचल, मुलाकात करने पहुंचे दोनों उप मुख्यमंत्री, 15 को हो सकता है शपथग्रहण
बता दें कि बीते दिनों नीतीश सरकार ने यह घोषणा की थी कि बिहार में अब सरकारी डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं कर सकेंगे ताकि वे अपना पूरा ध्यान सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज में दे सकें। अब उस घोषणा को सरकार ने लागू कर दिया है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा का शपथ ग्रहण करने के बाद सीएम नीतीश पटना लौटे हैं और इसके साथ ही सरकार में नेतृत्व बदलने को लेकर हलचल तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि सीएम नीतीश 14 अप्रैल को इस्तीफा दे देंगे और 15 को नई सरकार का गठन किया जायेगा लेकिन इससे पहले उन्होंने एक बड़ा निर्णय लिया है जिसकी घोषणा कर दी गई है।
यह भी पढ़ें - तीन CO के विरुद्ध डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने की बड़ी कार्रवाई, इन आरोपों में किया निलंबित