सीएम नीतीश के जाने से नहीं पड़ेगा कोई फर्क, सम्राट चौधरी ने बताया कि अगले 5 वर्षों में क्या करेगी सरकार...
पटना: बिहार में रोजगार और पलायन लंबे समय से राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है और अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के साथ ही एक बार फिर से यह उठने लगा है। विपक्ष लगातार NDA पर तंज कसते हुए कह रहा है कि जिस मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार एक बार फिर बनने पर पलायन रोकने की बात कही थी अब वह खुद ही पलायन कर रहे हैं। ऐसे में बिहार की सरकार में नंबर दो की भूमिका निभा रहे गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा दावा किया है। सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अगले पांच वर्षों में बिहार से पलायन रोकने और उद्योग को बढ़ावा देने का दावा किया है।
यह भी पढ़ें - पलायन रोकने का दावा करने वाले सीएम खुद हो रहे पलायित, लालू की बेटी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर...
दरअसल सोमवार को गृह मंत्री सम्राट चौधरी राजधानी पटना के ज्ञान भवन में आयोजित गन्ना प्रौद्योगिकी सेमिनार में पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने चीनी उद्योग को नई ताकत दिए जाने की बात कही और कहा कि राज्य की सरकार इंसेंटिव आधारित नई नीति बनाने जा रही है। इसके जरिया अन्य उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा जबकि अगले पांच वर्षों में राज्य में 25 चीनी मिल शुरू किये जायेंगे जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ ही किसानों की आय भी बढ़ेगी। चीनी मिल के साथ ही अन्य उद्योगों को भी इंसेंटिव का लाभ मिलेगा जिससे राज्य में लोगों को रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगा। गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाये।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री को लेकर उन्हें शुभकामना दी और कहा कि निशांत कुमार को नई शुरुआत के लिए बधाई। मुझे विश्वास है कि वह अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करेंगे और अपने पिता की तरह ही अपनी पहचान भी कायम करेंगे।
यह भी पढ़ें - NEET छात्रा मामले में CBI फिर पुलिस अधिकारियों से करेगी पूछताछ, तैयार हो रहे हैं सवाल...