रूपये लेनदेन के विवाद में कर लिया व्यक्ति का अपहरण, 70 लाख की मांग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार...
पटना: राजधानी पटना में बीते 10 फरवरी को एक अपहरण की घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आनन फानन में एक टीम गठित कर छानबीन शुरू कर दी और महज 24 घंटे के अंदर अपहृत को समस्तीपुर से सकुशल बरामद करते हुए तीन अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रूपये के लेनदेन के मामले में आरोपियों ने अपहृत का अपहरण किया था और 70 लाख रूपये की मांग कर रहे थे।
घटना को लेकर पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को जानीपुर थाना में सूचना मिली थी कि क्षेत्र में स्थित एक कॉलेज से राजधानी पटना के राजीवनगर स्थित घर के लिए निकले एक व्यक्ति का रास्ते में अपराधियों ने अपहरण कर लिया और फिरौती के रूप में 70 लाख रूपये की मांग की जा रही है। आनन फानन में पुलिस ने मामला दर्ज कर गठित SIT ने छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के अंदर अपहृत डॉ सर्वेश तिवारी को समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से सुरक्षित बरामद कर लिया साथ ही तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें - ए-आई से लेकर मखाना तक: उद्योग वार्ता में बिहार के निवेश भविष्य पर बड़ा संकेत
सिटी एसपी पश्चिमी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार के रूप में की गई है। तीनों आरोपी समस्तीपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अपहृत व्यक्ति का मनोज नाम के एक व्यक्ति से रूपये के लेनदेन को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। अपहर्ताओं ने बताया कि अपहृत व्यक्ति मेडिकल परीक्षाओं में लोगों से एडमिशन और अन्य मामले में फीस लेते थे जो कि मनोज को देना था। लेकिन इस मामले में मनोज ने कहा कि उसे पैसा नहीं मिला था और इसी मामले में इन लोगों का विवाद था। मनोज अपहृत से बार बार पैसे की मांग करता था लेकिन ये पैसे देने से मना कर देते थे।
सिटी एसपी ने बताया कि इसी लेनदेन के मामले में मनोज ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों की मदद से अपहरण की योजना बनाई और उसे उठा लिया तथा 70 लाख रूपये की फिरौती की मांग कर रहे थे। फ़िलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है साथ ही पूरे मामले की छानबीन की जा रही है जल्दी ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा।
यह भी पढ़ें - कला के क्षेत्र में बड़ा सम्मान पाने का मौका, इस दिन तक आप भी कर सकते हैं आवेदन...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट