Patna News: उफनाई गंगा में नहा रहे 5 युवकों में 2 लापता, तीन लोगों को SSB जवानों ने...
पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित भद्र घाट पर सोमवार की सुबह गंगा में नहाने गए पांच किशोरों के साथ बड़ा हादसा हो गया। गंगा की तेज धार में बहकर पांचों लड़के डूबने लगे। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई।

Patna City : पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित भद्र घाट पर सोमवार की सुबह गंगा में नहाने गए पांच किशोरों के साथ बड़ा हादसा हो गया। गंगा की तेज धार में बहकर पांचों लड़के डूबने लगे। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर SSB के जवानों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तीन लड़कों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो किशोर अभी भी लापता हैं। लापता किशोरों की पहचान बड़ी पटन देवी कॉलोनी निवासी वकील महतो के 16 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार और रंजन कुमार के 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम और प्रिंस अपने तीन अन्य साथियों के साथ सुबह नहाने के लिए भद्र घाट पहुंचे थे। इसी दौरान गंगा की तेज धार ने उन्हें चपेट में ले लिया। सभी पांचों किशोर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और इसकी जानकारी एसएसबी जवानों को दी गई। एसएसबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तीन लड़कों को सकुशल बचा लिया, लेकिन दो किशोरों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। मौके पर आलमगंज थानाध्यक्ष के साथ SDRF की टीम भी पहुंची है और गंगा में दोनों किशोरों की तलाश जारी है। गंगा नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियां बनी हुई हैं।घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से गंगा किनारे सावधानी बरतने की अपील की है।
पटनासिटी से मुकेश कुमार की रिपोर्ट