जहानाबाद: एक दिन पहले ही शुक्रवार को बिहार विधानसभा का बजट सत्र खत्म हुआ है। बजट सत्र के दौरान शराबबंदी का मामला भी एक बड़े मुद्दा की तरह हावी रहा जो अब भी थमने का नाम लेता नहीं दिख रहा। शराबबंदी कानून को लेकर पक्ष और विपक्ष दोनों ही तरफ के विधायकों ने सरकार को घेरा और उसकी समीक्षा करने की भी मांग की। शनिवार को जहानाबाद पहुंचे मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने एक बार फिर शराबबंदी पर सरकार का रुख साफ किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी कहा कि निश्चित रूप से NDA के शासनकाल में आपराधिक घटनाओं में कमी आई है।

जहानाबाद के सर्किट हाउस में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि NDA के शासनकाल में बिहार में अपहरण और फिरौती जैसी घटनाओं पर अंकुश लगा है तो दूसरी तरफ सरकार अन्य तरह के अपराध नियंत्रण को लेकर भी गंभीर है। वर्तमान में जो घटनाएं घट रही हैं, उसमें अधिकतर भाई या पड़ोसी के साथ जमीन संबंधी विवाद में हो रही हैं। हालांकि इन मामलों में भी पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। NDA से पहले की सरकार की तरह अब बिहार में अपहरण और फिरौती की घटनाओं के साथ ही संगठित अपराध खत्म हो गए हैं। उन्होंने लालू-राबड़ी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था कि अपहरण के बाद फिरौती वसूली जाती थी और दुकानदारों से रंगदारी टैक्स वसूला जाता था।दिनदहाड़े लूट की घटनाएं घटित होती थी लेकिन कार्रवाई कुछ भी नहीं। अब समय बदल चुका है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें      -    वेतन अधिक तो लेते हैं लेकिन नहीं देते हैं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मांझी ने बिहार के शिक्षक समेत ब्राह्मणवाद को लेकर कहा...

मंत्री ने राज्य में पिछले दिनों हुई एनकाउंटर की कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि न सिर्फ अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है बल्कि उनका एनकाउंटर भी किया जा रहा है। वहीं पुलिस हर मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए सभी घटनाओं का खुलासा करती है। इस दौरान उन्होंने भाजपा विधायक विनय बिहारी के शराबबंदी पर गाये गीत को लेकर कहा कि बिहार में सरकार शराबबंदी को लेकर काफी गंभीर है और इसे किसी कीमत पर खत्म नहीं किया जायेगा। विनय बिहारी मामले की भी जांच कराई जाएगी और जो भी सरकारी कर्मी या पुलिस अधिकारी अवैध शराब कारोबार से जुड़े हुए पाए जायेंगे उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें      -    होली मनाने कहां जाना है से शुरू हुआ विवाद, पति ने कर दिया बड़ा कांड फिर....

जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट