बिहार की राजनीति में सत्ता परिवर्तन को लेकर हलचल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 12:15 बजे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे, जिसके साथ ही राज्य की सियासत में नए समीकरण बनने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी ने आज दिल्ली में अपने कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार से जुड़े प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि श्रेयसी सिंह को भी बैठक के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंगल पांडेय और दिलीप जायसवाल समेत कई बड़े नेता बैठक में मौजूद रहेंगे। संगठन स्तर के पदाधिकारी भी इस रणनीतिक चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हरिवंश की राज्यसभा में धमाकेदार वापसी! राष्ट्रपति ने किया मनोनीत
बीजेपी नेतृत्व ऐसे चेहरे की तलाश में है, जो न सिर्फ पार्टी के भीतर स्वीकार्य हो, बल्कि बिहार में संगठन को और मजबूत कर सके। माना जा रहा है कि कोर कमेटी से मुख्यमंत्री पद के लिए नाम मांगा जा सकता है, जिस पर आम सहमति बनाने की कोशिश होगी। अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। राजनीतिक घटनाक्रम के अनुसार, 12 से 13 अप्रैल के बीच NDA के घटक दल अपने-अपने नेताओं का चयन कर सकते हैं। वहीं 14 अप्रैल को NDA विधायक दल की बैठक में नए नेता का ऐलान संभव है। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : बच्चे ने शौचालय में रखी कोल्ड ड्रिंक पी ली - लेकिन सच जानकार दंग रह जायेंगे आप, NHRC ने लिया बड़ा एक्शन
समयसीमा को देखते हुए 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन संभावित माना जा रहा है। 14 अप्रैल को खरमास की समाप्ति और 16 अप्रैल से प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र के बीच यह समय राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया जाना है, जिसके चलते सभी बड़े नेताओं की मौजूदगी जरूरी होगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि अगला मुख्यमंत्री NDA नेतृत्व तय करेगा और यह पूरी प्रक्रिया नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में हो रही है। वहीं मंत्री रामकृपाल यादव ने भी संकेत दिए हैं कि नीतीश के इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी।