पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी को राज्यसभा भेजेगी RJD? भाई वीरेंद्र ने किया इशारा और कहा 'ओवैसी तथा मायावती..'
पटना: निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की कई राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा की है जिसके लिए 16 मार्च को मतदान होगा। राज्यसभा चुनाव में बिहार की पांच सीटों पर भी चुनाव होना है जिसमें 4 सीट पर तो NDA की जीत तय है जबकि एक सीट पर जीत के लिए NDA को क्रॉस वोटिंग के जरिये 3 वोट की जरूरत होगी तो दूसरी तरफ महागठबंधन को 6 वोटों की। इस वजह से दोनों ही गठबंधन अपनी जुगाड़ लगाने में लगा है और हर हाल में यह पांचवीं सीट अपने पाले में करने की कोशिश में जुटा है। इसके साथ ही ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी कहा है कि अगर महागठबंधन हमारे समर्थन से यह सीट हासिल करना चाहता है तो क्यों न उम्मीदवार हमारी पार्टी के हों और राजद कांग्रेस समेत महागठबंधन हमें ही अपना समर्थन दे दे।
भाई वीरेंद्र ने जताई इक्षा
अब इस बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि राजद इस पांचवीं सीट पर अपने उम्मीदवार के तौर पर पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हेना शहाब को मैदान में उतारने की कोशिश में जुटी है। माना जा रहा है कि हेना शहाब के उम्मीदवार बनाये जाने से उसे AIMIM और बसपा का भी साथ मिल जायेगा। हालांकि इस संबंध में पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है लेकिन सोमवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए लालू-तेजस्वी के खास करीबी विधायक भाई वीरेंद्र ने ऐसा ही कुछ इशारा किया है। बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह मेरा व्यक्तिगत विचार है कि अगर हेना शहाब को पार्टी उम्मीदवार बनाती है तो फिर हमें ओवैसी और मायावती की पार्टी का भी समर्थन मिल सकता है।
यह भी पढ़ें - वाह रे बिहार पुलिस! भूल गए सुप्रीम कोर्ट का आदेश और कर दी ऐसी गलती कि हो गई फजीहत...
3 और 6 का है चक्कर
बता दें कि बिहार की पांच सीट पर राज्यसभा चुनाव होना है। एक सीट के लिए 41 विधायकों का समर्थन जरुरी है और ऐसे में NDA के पास 202 विधायक हैं तो चार सीट पर उसकी जीत पक्की है जबकि पांचवीं सीट पर जीत के लिए NDA को तीन वोट और महागठबंधन को 6 वोटों की जरूरत है। महागठबंधन के पास 35 सीटें हैं साथ ही असदुद्दीन ओवैसी की 5 और बसपा की एक सीट का समर्थन मिल जाये तो महागठबंधन इस सीट पर जीत दर्ज कर सकता है लेकिन खबर है कि AIMIM इस पांचवीं सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की कवायद में है और महागठबंधन से समर्थन की अपेक्षा करती है। इसी कड़ी में अभी हाल ही में महागठबंधन में शामिल IIP के एकमात्र विधायक IP गुप्ता असदुद्दीन ओवैसी के बुलावे पर हैदराबाद भी गए थे और उन्होंने कहा भी था कि महागठबंधन को एक सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए और ओवैसी का समर्थन भी उन्हें मिल सकता है।
यह भी पढ़ें - तेजस्वी यादव ने सरकार पर उठाये सवाल तो डिप्टी सीएम ने पूछ लिया 'अब तक आपने...'