सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के लिए रील बनाना दो युवकों की जान पर भारी पड़ गया। समोधी टोल गांव में मंगलवार को हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। मृतकों की पहचान प्रिंस और अभिषेक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पोखर के किनारे मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे। इसी दौरान वे रील बनाने में इतने मशगूल हो गए कि उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं लगा। अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में गिर गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
यह भी पढ़ें : 3 दिन की भूख हड़ताल शुरू,TRE-4 नोटिफिकेशन पर सरकार की चुप्पी, बढ़ेगा आंदोलन?
घटना के वक्त आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनकर तत्काल बचाव की कोशिश की। कुछ लोग पानी में कूदे भी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पोखर से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही रीगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान चुनाव आयोग का बड़ा धमाका, SIR के बाद मतदाता सूची से हटाये गए 90 लाख नाम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की होड़ में युवा अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं। एक पल की लापरवाही ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।