बिहार के अगले सीएम के रूप में कंफर्म हो गए सम्राट? भागलपुर में नीतीश ने किया इशारा तो बढ़ गई हलचल

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा और चुनाव के साथ ही बिहार में चर्चा तेज हो गई है कि बिहार की कमान अब की किस नेता को मिलेगी। हालांकि चर्चा यह भी तेज है कि भाजपा अपनी पार्टी से बिहार में पहला मुख्यमंत्री बनाएगी लेकिन इस रेस में कई चेहरे हैं। लेकिन सबसे प्रमुख नाम जिसकी चर्चा हो रही है वह हैं बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी। इस चर्चा पर अब मुहर भी लगता दिखाई दे रहा है और इसकी बानगी दिखी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान भागलपुर में। भागलपुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की केमिस्ट्री देख कर अब यह लगभग साफ हो गया है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हो सकते हैं।

सम्राट ने मंच से की नीतीश की तारीफ

सबसे पहले मंच पर संबोधन के दौरान उद्घोषणा करते वक्त एंकर ने गलती की और मंत्री विजय चौधरी के संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम के साथ डिप्टी सीएम न लगा कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कह कर संबोधित किया। इसके बाद अपने संबोधन में भी सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश के 20 वर्षों के कार्यकाल की चर्चा के साथ ही तारीफों के पुल बांधे। सम्राट के द्वारा तारीफ के दौरान सीएम नीतीश ने भी हाथ जोड़ कर अभिवादन किया।

यह भी पढ़ें     -     प्रदेश अध्यक्ष से बातचीत के अनुसार कांग्रेस विधायकों ने बनाई थी वोटिंग से दूरी, राजेश राम ने कहा...

CM ने पीठ पर हाथ रख बढ़ाया उत्साह

इसके बाद कार्यक्रम में सीएम नीतीश अपना संबोधन ख़त्म करने के बाद सम्राट चौधरी के पास पहुंचे और उनके कंधे पर हाथ रख दिया जिसके बाद सम्राट चौधरी भी लोगों की तरह हाथ जोड़ कर खड़े हो गए। भागलपुर में समृद्धि यात्रा के मंच पर नीतीश-सम्राट की जुगलबंदी के बाद अब बिहार के सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई है कि नीतीश की जगह सम्राट चौधरी लेने जा रहे हैं। हालांकि अब तक इस मामले में NDA की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में NDA के नेता से जब भी सवाल किया जा रहा है तो जवाब में बस कहा जा रहा है कि सभी नेता आपस में बैठ कर इस पर अंतिम निर्णय लेंगे।

अशोक चौधरी ने भी दिया बड़ा बयान

वहीं दूसरी तरफ जदयू में सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने की मांग भी उठ रही है और इस बीच नीतीश के खास और बिहार में मंत्री अशोक चौधरी ने बड़ा बयान दिया। अशोक चौधरी ने सोमवार की शाम मीडिया से बात करते हुए कहा कि निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाये जाने के सवाल पर कहा कि वह कुछ भी बन सकते हैं,  आपलोग उन्हें डिप्टी सीएम पर ही क्यों रोक रहे हैं। इसके बाद पत्रकारों ने जब पूछा कि क्या निशांत सीएम बन सकते हैं तो जवाब देते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि क्यों नहीं बन सकते हैं। जब नौंवी फेल आदमी सीएम बनने का दावा कर सकता है तो फिर इंजीनियर निशांत क्यों नहीं बन सकते हैं। अब अशोक चौधरी का यह बयान काफी सुर्ख़ियों में है।

यह भी पढ़ें     -     हम कोई सामान नहीं कि कोई खरीद ले, कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास ने बताया 'क्यों नहीं किया मतदान'


Scan and join