पटना: राजधानी पटना में इन दिनों सियासी हलचल लगातार काफी तेज है। नई सरकार के गठन को लेकर दिन भर हुई गहमागहमी के बीच अब शाम में डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आवास के आगे सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है साथ ही लोगों को 100 मीटर के दायरे में आवाजाही से रोक दिया गया है। मीडियाकर्मियों को भी सलाह दी गई है कि वह 100 मीटर के दायरे में न आएं। 

बता दें कि सोमवार को दिन भर सीएम आवास, सम्राट चौधरी और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के आवास पर लगातार बैठकों का दौर चलता रहा। अब बताया जा रहा है कि सीएम नीतीश मंगलवार को इस्तीफा देंगे और उसके बाद बुधवार को नया सीएम कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे। नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गहमागहमी का माहौल तो बना ही है, प्रशासनिक गहमागहमी भी शुरू हो गई है। सोमवार की शाम पटना के सभी आलाधिकारी भी लोक भवन में बैठक के लिए पहुंचे थे।

बता दें कि भाजपा पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। इसको लेकर एक तरफ जहां दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक की तो दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। मंलगवार को उनके नेतृत्व में विधायक दल की बैठक की जाएगी। वहीं जदयू विधायक दल की भी बैठक की जाएगी और फिर NDA विधानमंडल दल की बैठक में सीएम के नाम की घोषणा की जाएगी।