पटना: नीतीश कुमार के बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण और प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद अब बुधवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बैठक मुख्य सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में शाम 6 बजे की जाएगी। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल की बैठक में कई बड़े और अहम निर्णय लिए जा सकते हैं वहीँ कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि कैबिनेट विस्तार से पहले जदयू और भाजपा दोनों ही दल अपने आलाकमान से राय मशविरा जरुर करेगी और निर्देशानुसार ही विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जायेगा।

बता दें कि फ़िलहाल सम्राट मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 3 ही मंत्री हैं। सम्राट चौधरी खुद मुख्यमंत्री हैं तो दूसरी तरफ जदयू से विजय चौधरी और विजेंद्र यादव उप मुख्यमंत्री। बीते 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण के बाद से ही मुख्यमंत्री सम्राट समेत दोनों उप मुख्यमंत्री लगातार सक्रिय हैं और अपने अपने विभागों के साथ ही आमलोगों से भी मुलाक़ात कर रहे हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीएम सम्राट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी और वहां से लौटते ही आनन फानन में कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

यह भी पढ़ें   -      बिहार में अपराधियों के विरुद्ध नहीं थमने वाला है एनकाउंटर, राजधानी में लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने मारी गोली

बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही सीएम सम्राट लगातार कहते हुए दिख रहे हैं कि अब तक नीतीश कुमार ने जितना भी विकास कार्य किया है, मैं उन सभी विकास कार्यों को और भी तेज गति से आगे बढ़ाऊंगा। वहीं नीतीश कुमार ने भी उम्मीद जताई है कि उन्होंने अब तक जितना भी विकास किया है उससे भी अधिक विकास सम्राट के कार्यकाल में होगा। हालांकि अब यह शाम में ही पता चल पायेगा कि आखिर सम्राट मंत्रिमंडल में किन किन एजेंडों पर मुहर लगाई गई।

यह भी पढ़ें   -      तेज प्रताप ने PK के साथ की मुलाकात, सोशल मीडिया पर तेजस्वी को टैग कर लिखा 'जनहित के मुद्दों पर हुई बात'