darsh news

UPSC के तीसरे प्रयास में कामयाबी! संजीव कुमार ने पूर्वी चंपारण का नाम किया रौशन…. ज़रूर पढ़ें

Sanjeev Kumar brought glory to East Champaran

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के नवीनतम परिणाम ने पूर्वी चंपारण जिले में खुशियों की लहर दौड़ा दी है। घोड़ासहन प्रखंड के पीठवा गांव निवासी संजीव कुमार ने 290वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम देशभर में रोशन किया है। इस बड़ी सफलता की खबर जैसे ही उनके गांव में पहुंची, ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का जश्न मनाया।

संजीव कुमार परचून व्यवसायी सुनील कुशवाहा और सुनीता कुमारी के पुत्र हैं। सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। यह संजीव का तीसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उन्होंने मेंस तक का सफर तय किया, जबकि दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 583 हासिल की थी। वर्तमान में वे आईआरएस की ट्रेनिंग ले रहे थे, लेकिन उनकी महत्वाकांक्षा आईएएस या अन्य शीर्ष केंद्रीय सेवाओं तक पहुंचने की थी, जिसके लिए उन्होंने पुनः तैयारी की और इस बार 290वीं रैंक के साथ सफलता प्राप्त की।

यह भी पढ़ें: जदयू में भावुक पल! नीतीश के राज्यसभा जाने पर नेताओं की आंखों से छलके आंसू

संजीव ने बताया कि उन्होंने 2022 में दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी। लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। घोड़ासहन क्षेत्र के आईएएस अधिकारी राहुल कुमार ने भी संजीव को बधाई देते हुए कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़ी परीक्षा में सफलता पा रहे हैं। इससे न केवल गांवों में यूपीएससी की तैयारी का माहौल बेहतर हुआ है, बल्कि अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।

यह भी पढ़ें: निशांत कुमार जेडीयू में होंगे शामिल, बिहार की राजनीति में बनेगा नया दौर!

संजीव कुमार की उपलब्धि ने पूर्वी चंपारण को गर्वित किया है और यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उनके इस संघर्ष और सफलता की कहानी आने वाले समय में कई छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


Scan and join

darsh news whats app qr