पटना: बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के कर्मियों का पिछले 15 वर्षों से लंबित सेवांत लाभ का भुगतान मंगलवार को किया गया। बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने एक कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को सेवांत लाभ का चेक प्रदान किया। लंबे समय से लंबित भुगतान पाने के बाद कर्मियों के चेहरे ख़ुशी से खिल उठे। कर्मियों ने इस मौके पर संतोष और प्रसन्नता के साथ बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा का आभार प्रकट किया।
यह भी पढ़ें - WJAI के बिहार के कार्यकारी अध्यक्ष बने अक्षय आनंद
कार्यक्रम के दौरान कर्मियों ने बोर्ड अध्यक्ष मृत्युंजय झा के पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी वर्षों पुरानी आर्थिक समस्याओं का समाधान हुआ है। वहीं बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी किसी कर्मचारी के वैधानिक लाभ लंबित नहीं रहने दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सचिव ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि संस्थान की कार्यसंस्कृति भी सुदृढ़ होगी। उल्लेखनीय है कि सेवांत लाभ के भुगतान में लंबे समय से देरी को लेकर कर्मचारियों में असंतोष था, जिसे दूर करते हुए बोर्ड प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे संस्थान में सकारात्मक संदेश गया है और कर्मचारियों के बीच विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।
यह भी पढ़ें - पिता, पत्नी और बेटी के नाम से भी खरीदी जमीन, DRDA के डायरेक्टर के कई ठिकानों पर जब पहुंची EOU की टीम तो...