विपक्ष के आरोप पर वित्त मंत्री ने सदन में किया बड़ा एलान, कहा होली से पहले कर्मियों का...
पटना: बिहार के सभी सरकारी कर्मियों को होली से पहले ही फरवरी महीने का वेतन जारी कर दिया जायेगा। इस संबंध में विधानसभा में वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने घोषणा की। उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगा रहा है कि बिहार का खजाना खाली हो जायेगा तो मैं आज यह स्पष्ट कर देता हूँ कि फरवरी महीने का वेतन होली से पहले जारी कर दिया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि हां, मैं यह जरुर चाहूँगा कि विरोधी विधायकों का वेतन होली से पहले जारी न हो।
वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने सदन में विपक्ष के आरोप पर कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति पूरी तरह से संतुलित है और वेतन भुगतान में कोई समस्या नहीं होगी। वित्त मंत्री की घोषणा के बाद राज्य के सरकारी कर्मियों में ख़ुशी का माहौल है। कर्मचारी संगठनों ने भी सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहार से पहले वेतन मिलना बड़ी राहत है। कई कर्मचारियों ने कहा कि त्योहार से पहले वेतन मिलना मनोबल बढ़ाने वाला कदम है।
यह भी पढ़ें - आपलोगों ने कोई काम किया है? सदन में विपक्ष ने किया भारी हंगामा, सीएम नीतीश ने कहा...
बता दें कि बीते दिनों विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है। स्थिति ऐसी है कि सब सरकारी कर्मियों का वेतन भी सरकार नहीं दे पायेगी। नेता प्रतिपक्ष के इस बयान के बाद सरकारी कर्मियों में उहापोह की स्थिति हो गई थी। अब इस आरोप पर वित्त मंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी विभागों को वेतन जारी करने का निर्देश दिया गया है, कोषागार स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि होली जैसे त्यौहार के दौरान किसी भी सरकारी कर्मी को आर्थिक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें - NEET छात्रा मामले में CBI जांच हुई तेज, हॉस्टल संचालिका से हुई पूछताछ अब SIT के सदस्य...