darsh news

वैशाली हंगामा: शराब छापेमारी में पुलिस पर भीड़ का हमला, हवाई फायरिंग से बजीं गोलियां

sharab chhapemari me police aur gramino me jhadap

वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पश्चिमी वार्ड में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब शराबबंदी के तहत छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को अपनी जान बचाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, एसआई धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को देशी शराब की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस नवल राय के घर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मौके पर एक डब्बा शराब रखा हुआ था और आरोपी शराब पीए हुए था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब अपनी होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।

हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि घर से कोई शराब बरामद नहीं हुई थी, इसके बावजूद पुलिस ने गाली-गलौज की और हथियार दिखाकर धमकाया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और देखते ही देखते 30-35 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने पुलिस वाहन के सामने ठेला लगाकर रास्ता रोक दिया और ईंट-पत्थर चलाने लगे।

यह भी पढ़ें: पटना में हॉस्टल वार! आधी रात बम-गोली से दहला सीवी रमन हॉस्टल

इस हमले में एक पुलिसकर्मी और बीएसएपी का जवान घायल हो गया। हालात बेकाबू होते देख एसआई धीरेंद्र कुमार ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की, जिससे भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया।

यह भी पढ़ें: हंसजा शर्मा रुद्र हेलीकॉप्टर उड़ाने वाली पहली महिला, गणतंत्र दिवस पर सेना की शान बनेंगी

पुलिस ने इस मामले में 15-20 अज्ञात पुरुष और 3-4 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा, फरार 10 लोगों को नामजद किया गया है और पुलिस टीम पर हमला करने वाले 8 लोगों के खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr