पटना: एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी बेखौफ हो कर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अपराधियों के अपराध करने का तरीका देख साफ पता चलता है कि उनके मन में पुलिस या कानून का खौफ बिल्कुल नहीं है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजधानी में बदमाशों ने सरेआम दिनदहाड़े एक युवक को सड़क पर दौड़ा दौड़ा कर चाकू मार दी जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने जख्मी युवक को इलाज के लिए PMCH पहुंचाया जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें साफ दिख रहा है कि दिन के उजाले में भीड़ भाड़ वाली चलती सड़क पर बीच सड़क कुछ युवक एक युवक को दौड़ा रहे हैं और उसे पकड़ कर ताबड़तोड़ चाकुओं से गोद देते हैं। अस्पताल में भर्ती युवक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें - 'केस नहीं उठाया तो जान मार दिया जायेगा' और फिर बदमाश ने कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, युवती को लगी
घटना राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के मस्जिद के बगल वाली गली में कब्रिस्तान के पास की है। जख्मी युवक की पहचान अमन कुमार के रूप में की गई जो कि सालिमपुर अहरा गली नंबर 1 में किराए के मकान में रह कर पढ़ाई करता था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे सिटी SDPO 1 राजेश रंजन ने कहा कि दिन के करीब ढाई से 3 बजे के आसपास पीरबहोर थाना पुलिस को चाकूबाजी की सूचना मिली थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को आसपास के लोगों से पुछताछ में पता चला कि दो युवकों ने मिल कर छात्र की पिटाई की तथा उसे चाकू मारी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान कर ली गई है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें - राजधानी पटना में पुलिस पर हमला, दो पुलिस अधिकारी जख्मी, पहले थाना से ले भागा बाइक फिर...