बिहार में STF की बड़ी कार्रवाई, अलग अलग जगहों से कई बदमाशों के साथ भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ किया जब्त...
पटना: बिहार में इन दिनों पुलिस के साथ ही STF भी अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। एक तरफ बुधवार को STF ने पटना पुलिस के साथ मिल कर राजधानी के गायघाट पुल के नीचे एक कुख्यात का एनकाउंटर किया तो दूसरी तरफ अलग अलग जिलों में कार्रवाई के दौरान पुलिस और STF ने भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ के साथ कई बदमाशों को गिरफ्तार भी किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लाखों रूपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ कई हथियार और दर्जनों कारतूस भी बरामद किया है।
आपराधिक घटना को अंजाम देने की बना रहे थे योजना
STF की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार STF की विशेष टीम ने राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार बदमाशों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बादल राय, कुणाल राज, जितेंद्र कुमार और आकाश कुमार के रूप में की गई जिनके पास से पुलिस ने दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 2 मैगजीन, 9 जिन्दा कारतूस, 5 मोबाइल और एक बाइक बरामद किया है। बताया जा रहा है कि सभी बदमाश बादल राय अपने सहयोगियों के साथ मिल कर पटना सिटी एवं दीदारगंज इलाके में भू-माफियाओं के साथ मिल कर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। उसने हाल ही में अपने विरोधियों पर दो बार जानलेवा हमला भी किया था। वहीं अन्य बदमाश राज के विरुद्ध भी कई मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें - 'वंदे मातरम' पर केंद्र सरकार का बड़ा निर्णय, अब सभी सरकारी आयोजनों में किया गया अनिवार्य...
असम से ला कर बिहार में करते थे अवैध धंधा
वहीं दूसरी तरफ STF की टीम ने राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ढाई लाख रूपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ दो महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। STF की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रूपसपुर थाना क्षेत्र से वैशाली निवासी वीर कुमार, समस्तीपुर निवासी चंचल देवी और सावित्री कुमारी को करीब दो लाख 58 हजार रूपये मूल्य के 102.89 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 7 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज की है तथा अन्य की तलाश में जुट गई है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे लोग असम के सिलचर से मादक पदार्थ खरीद कर तस्करी के लिए बिहार लाते थे और फिर उसका अवैध कारोबार करते थे।
हत्या के आरोप में STF ने दबोचा
इसके साथ ही STF ने STF की टीम ने मुजफ्फपुर के करजा थाना क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान संतोष कुमार, सुधीर कुमार और विजय कुमार विजय भगत के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि बीते 5 फरवरी को जैतपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामदगी मामले में इन लोगों की संलिप्तता सामने आई थी जिसके बाद STF ने कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार किया है। फ़िलहाल पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - पटना की सड़कों पर प्रेमी जोड़े निकलने से पहले हो जायें सावधान, वैलेंटाइन डे को लेकर इस संगठन जारी की चेतावनी...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट