सरकार की नीति एवं नियत दोनों संदेह के घेरे में, सरकार चुनावी योजनाओं से जनता को फिर छलने का प्रयास कर रही है - सुदेश महतो

पाकुड़ में राजनीतिक परिवर्तन जरूरी है। इस परिवर्तन के वाहक बनेंगे पाकुड़ के युवा। 50 साल में जो विकास नहीं हुआ वो हम पांच साल में करके दिखाएंगे। पाकुड़ ने जिन्हें लंबे समय तक चुना वही यहां की जनता की सुविधा और सम्मान को दांव पर लगाते रहे। एक बार फिर सरकार चुनावी योजनाओं से जनता को छलने का प्रयास कर रही है। सरकार की नीति एवं नियत दोनों संदेह के घेरे में है। झारखंड और झारखंडियों के अस्मिता को धूमिल किया है। वर्तमान सरकार ने जनमत का अनादर किया।
उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने पाकुड़ स्थित हरिणडांगा हाई स्कूल मैदान में आयोजित मिलन समारोह में कही। इस दौरान समाजसेवी अज़हर इस्लाम समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सरकार में नम्बर दो की हैसियत वाले मंत्री दो नम्बरी बन गए। उनके यहां काम करने वालों के यहां से करोड़ों रुपए मिले हैं। भला यह कैसी व्यवस्था है? यह लोग जनता के हक को छीनकर अपनी विरासत बनाने में लगे हैं। जनता योजनाओं का लाभ लेने के लिए लाइन में खड़ी परेशान है।
राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और अराजकता से जनता त्रस्त है। सत्ता पर बैठे लोगों ने जनता के विश्वास को तोड़ा है। जनता के साथ और विश्वास को एकत्रित कर वर्तमान राजनीतिक हालात को बदलने के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता। विकास का वादा कर सत्ता में आई इस सरकार ने राज्य को विकास से कोसों दूर कर दिया है। सरकार ने झारखंड का बहुत नुकसान किया है, इन्हें इसका जवाब देना होगा।
पार्टी में शामिल हुए अज़हर इस्लाम का स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि पाकुड़ के युवा अज़हर के साथ हैं। युवा शक्ति ही पाकुड़ को विकास के उजियारे की ओर ले जा सकती है। अज़हर लोगों के बीच रहकर उनके दुःख सुख के साथी रहे हैं। उनके आने से पार्टी को मजबूती और पाकुड़ को नई उम्मीद मिलेगी। मौके पर अज़हर इस्लाम ने कहा कि आजसू ने हमेशा विकास को महत्व दिया है। तुष्टिकरण की राजनीति की जगह गरीबों, वंचितों और शोषितों के हक और अधिकार की लड़ाई आजसू ने लड़ी। हर मुद्दे पर राज्य के युवाओं की आवाज़ बने हैं सुदेश महतो। झारखंड के विकास को लेकर उनके स्पष्ट विजन से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहा हूँ।