darsh news

सरकार से मेरी कोई लड़ाई नहीं, कानून व्यवस्था ठीक करे, सुपौल में युवती के परिजनों से मुलाकात कर पप्पू यादव ने...

supaul me pappu yadav

सुपौल: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव मंगलवार को सुपौल के त्रिवेणीगंज पहुंचे जहां बीते दिन एक युवती का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। पप्पू यादव ने मृतिका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मृतिका के परिजनों से मामले की जानकारी लेने के बाद सांसद ने स्थानीय SP और DIG से फोन पर बात की तथा दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि इन दिनों राज्य में एक तरफ अपराध काफी चरम पर है तो दूसरी तरफ ऐसे भ्रष्ट अधिकारी अपराधियों को पकड़ते हैं और फिर छोड़ देते हैं। हमने एसपी और DIG से बात की है और मुझे पूरा भरोसा है कि तीन महीने के अंदर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी की सजा दिलाएगी।

यह भी पढ़ें   -     होली के दौरान की हुड़दंग तो पड़ेगा भारी, सभी जिलों को निर्देश जारी '24 घंटे तैयार रखें...

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि घर में शादी का माहौल था। परिवार समेत आसपास और गांव के लोग उत्सवी माहौल में खुश थे और इस दौरान अपराधियों ने एक बेटी को उठा लिया। हालांकि इस दौरान उन्होंने कहा कि अभी मैं यह नहीं कह सकता हूँ कि उसके साथ हैवानियत हुई या नहीं हुई। लेकिन जब अपराधी ने उसे उठाया तो निश्चित रूप से उनकी मंशा वही होगी, संभव है कि बेटी अपने साथ हो रहे जबरदस्ती का विरोध करते हुए लड़ी और फिर अपराधियों ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। हालांकि मामला जो भी है इस मामले में आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

इस दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर भी हमला किया और कहा कि बिहार में बेटियां बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। एक तरफ पटना में नीट छात्रा की मौत की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ सकी है और लगातार बेटियों के साथ दरिंदगी हो रही है। मैंने आवाज उठाई तो मुझे गिरफ्तार कर लिया गया। सरकार का मेरे से या मेरा सरकार से कोई झगड़ा नहीं है, मैं बस इतनी मांग करता हूँ कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें ताकि ये खुले हवा में साँस ले सके। मुझे किसी कोई मतलब नहीं है।

बता दें कि त्रिवेणीगंज में लोगों ने बताया कि एक परिवार में शादी समारोह के दौरान अपराधियों ने एक युवती को घर से जबरदस्ती उठा लिया और उसके साथ हैवानियत कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया। लोगों ने बताया कि मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और फिर पैसे लेकर छोड़ भी दिया जिसके बाद लोगों का पुलिस के प्रति आक्रोश काफी बढ़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें   -     लोगों की शिकायत के बाद MLA ने अधिकारियों को चेताया, कहा 'हमारे लोगों को तकलीफ दी तो...'

सुपौल से अमरेश कुमार की रिपोर्ट


Scan and join

darsh news whats app qr