तेज प्रताप का बड़ा खुलासा: अनुष्का से कोई संबंध नहीं, बच्चे से रिश्ता नकारा, कहा - मुझे फंसाया जा रहा है!
पटना: जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने हाल ही में अनुष्का यादव के मां बनने की खबर पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बच्चा उनका नहीं है और अनुष्का यादव के साथ उनका कोई भी संबंध नहीं है। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है और इस मामले में वे दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि मुकेश रौशन और कुछ अन्य लोग उन्हें बदनाम करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं इस बात को पूरी तरह खारिज करता हूं। मुझे फंसाने के लिए साजिश की जा रही है। मैंने पहले ही पांच 'जयचंद'ों के नाम लिए हैं, जो इस योजना में शामिल हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास केवल पांच नहीं बल्कि हजारों ऐसे लोग हैं, जो उन्हें नुकसान पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गया के कुजापी गांव में 15 वर्षीय बच्चा गायब, अब तक कोई सुराग नहीं
तेज प्रताप ने यह भी कहा कि आकाश भाटी अनुष्का यादव से जुड़े हैं और इस मामले का जवाब वे ही दे सकते हैं। "मेरा अनुष्का या उसके बच्चे से कोई संबंध नहीं है। अगर किसी को जानना है तो संबंधित व्यक्ति से पूछे," उन्होंने कहा।
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप ने अपने खिलाफ हो रही साजिश के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाने और गृह मंत्री से मिलने की बात भी कही। उन्होंने जोर देकर कहा, "दिन-रात मुझे परेशान किया जा रहा है। मैं क्या करूं, फांसी लगा लूं क्या? मुझे पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया है। मुकेश रौशन मेरी हत्या कराना चाहते हैं। इसे रोकना चाहिए।" तेज प्रताप का कहना है कि वह सच्चाई के साथ हैं और अंततः सच्चाई ही जीतती है।