इस चुनाव में तेज प्रताप यादव उतारेंगे अपने उम्मीदवार, मीडिया से बात करते हुए कहा...
पटना: बिहार में राज्यसभा सीटों पर चुनाव के बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इसी वर्ष अक्टूबर नवम्बर में होने वाले विधान परिषद् चुनाव को लेकर एक बयान देते हुए राजनीति को गर्म कर दिया है। तेज प्रताप यादव ने आगामी विधान परिषद चुनाव में अपनी पार्टी से उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। तेज प्रताप यादव ने यह घोषणा वैशाली में पत्रकारों से बात करते हुए की और कहा कि हमारी पार्टी आगामी MLC चुनाव में कुछ सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। तेज प्रताप यादव के इस बयान के बाद बिहार में सियासी गर्माहट देखने को मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष नवम्बर महीने में बिहार के 8 MLC का कार्यकाल समाप्त होगा जिसमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के हैं तो चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के। इन सदस्यों का कार्यकाल 16 नवम्बर को समाप्त होगा, इसलिए माना जा रहा है कि सितंबर या अक्टूबर में इन सीटों पर चुनाव कराया जा सकता है। जानकारी के अनुसार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा सीट शामिल है।
यह भी पढ़ें - तो तेजस्वी जायेंगे राज्यसभा? राबड़ी आवास पर कल लालू करेंगे मंथन फिर...
बता दें कि बिहार के द्विसदनीय विधानमंडल व्यवस्था का उपरी सदन विधान परिषद है जिसमें 75 सदस्य होते हैं। प्रत्येक सदस्य का कार्यकाल 6 वर्षों का होता है और हर दो वर्ष में एक तिहाई सदस्यों का कार्यकाल खत्म होता है। कुछ सदस्यों को राज्यपाल के द्वारा मनोनीत किया जाता है। बता दें कि तेज प्रताप यादव के कथित प्रेम प्रसंग का मामला सामने आने के बाद राजद सुप्रीमो लालू यादव ने उन्हें पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया था जबकि उन्हें परिवार से भी बाहर कर दिया था। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी बनाई और विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें - PUSU इलेक्शन के दौरान बवाल, फायरिंग भी हुई, पुलिस ने बरामद किया...