तेजस्वी ने लोगों से की अपील 'BJP-JDU से जरुर पूछें ये दस सवाल, एनडीए ने उल्टे लपेट दिया...
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पक्ष विपक्ष लगातार आमने सामने है. दोनों ही गठबंधन एक दूसरे को गलत दिखाते हुए अपने पक्ष में जनाधार होने का दावा कर रहे हैं साथ ही एक दुसरे पर बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप भी लगा रहे हैं...

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। एक तरफ राजद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बीमार और कमजोर मुख्यमंत्री बताने के साथ ही बिहार में विकास नहीं होने और पलायन में बढ़ोतरी का आरोप लगा रही है तो दूसरी एनडीए के विपक्ष के सवालों के लिए जिम्मेवार भी विपक्ष को ही बता रहे हैं। एक बार फिर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आम जनता से अपील की कि इस विधानसभा चुनाव में अगर भाजपा जदयू के लोग वोट मांगने आयें तो उनसे दस सवाल जरुर करिए। तेजस्वी ने इन सवालों के साथ दावा किया कि भाजपा-जदयू वाले इन सवालों का जवाब नहीं दे पाएंगे। तेजस्वी के सोशल मीडिया पर पोस्ट के कुछ देर बाद ही भाजपा जदयू ने जबरदस्त पलटवार किया और तेजस्वी के सवालों के लिए लालू-राबड़ी को ही जिम्मेदार ठहरा दिया।
तेजस्वी के दस सवाल:
- बिहार सबसे गरीब राज्य क्यों?
- बिहार में महिलाएं असुरक्षित क्यों?
- बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेकार क्यों?
- बिहार में इतना अपराध क्यों?
- बिहार में इतना भ्रष्टाचार क्यों?
- बिहार में इतनी बेरोजगारी क्यों?
- बिहार में पलायन की मज़बूरी क्यों?
- बिहार में स्कूल भवन क्यों नहीं बने?
- बिहार में नए उद्योग धंधे क्यों नहीं स्थापित हुए?
- बिहार की शिक्षा व्यस्था चौपट क्यों है?
तेजस्वी ने पूछे एनडीए से 10 सवाल
तेजस्वी यादव के इन सवालों पर अब जदयू भाजपा ने एक स्वर में पलटवार किया है और इसके लिए लालू-राबड़ी के 15 वर्षों के कार्यकाल को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा जदयू ने एक एक कर तेजस्वी के सवालों का जवाब दिया है। भाजपा जदयू ने सभी सवालों के अपने जवाब में राजद और लालू-राबड़ी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और बताया कि उनके शासनकाल में ही बिहार में भ्रष्टाचार पनपा, अपराधी खुलेआम घूमते थे, अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था, उद्योग धंधे जबरन बंद कराये गए, राज्य से उद्यमियों को भागने के लिए मजबूर किया गया। भाजपा जदयू ने सीधे तौर पर तेजस्वी के सवालों के लिए उनके ही माता पिता को जिम्मेवार ठहरा दिया है।
यह भी पढ़ें - CM बनना चाहते हैं पप्पू यादव, कहा 'राहुल गांधी ही कर सकते हैं देश का असली विकास...'