राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच तेजस्वी पहुंचे पटना, मीडिया के सामने..., गिरिराज सिंह ने भी...
पटना: बिहार के राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव को लेकर राज्य में गहमागहमी का माहौल है। चार सीटों पर NDA की जीत तय मानी जा रही है जबकि पांचवीं सीट पर महागठबंधन भी अपना दावा ठोक रहा है। हालांकि इस सीट पर कब्ज़ा के लिए महागठबंधन को जहां ओवैसी की पार्टी के 5 विधायक और मायावती की पार्टी के एक विधायक के समर्थन की आवश्यकता होगी वहीँ NDA को क्रॉसवोटिंग के जरिये तीन वोटों की जरूरत है। इस पांचवीं सीट पर तीन वोट के जुगाड़ का दावा NDA की तरफ से किया जा रहा है तो दूसरी तरफ विपक्ष में ओवैसी की पार्टी ने राजद से समर्थन की मांग कर अपना उम्मीदवार उतारने की बात कही है। इस मामले में एक तरफ तेजस्वी ने सब कुछ शाम क्लियर करने की बात कही तो दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी तंज कसा।
यह भी पढ़ें - पटना छात्रसंघ चुनाव में NSUI का दबदबा कायम, छात्राओं ने भी कैंपस में गाड़े अपने झंडे
तेजस्वी ने कहा 'शाम में...'
विपक्ष में समर्थन की खींचतान के बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव ने रविवार को राबड़ी आवास में पार्टी नेताओं की बड़ी बैठक बुलाई है। जानकारी मिल रही है कि बैठक में पार्टी के सभी विधायक, एमएलसी, सांसद और अन्य वरीय नेता एवं अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर गहन मंथन किया जायेगा। इस बीच शनिवार से ही बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है कि अब तेजस्वी यादव विधायक पद छोड़ कर राज्यसभा जायेंगे। इस मामले में रविवार को दिल्ली से पटना पहुंचे तेजस्वी यादव से जब मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि अभी बैठक होगी। बैठक के बाद आपलोगों को सब कुछ बता दिया जायेगा कि क्या रणनीति बनी है। अभी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक होगी और इसी दौरान निर्णय लिया जायेगा कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष की तरफ से उम्मीदवार किसे बनाया जायेगा। इस दौरान तेजस्वी खुद की उम्मीदवारी को लेकर कुछ भी कहने से बचते रहे।
पार्टी नहीं प्राइवेट लिमिटेड पार्टी
वहीं तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव कहीं भी जा सकते हैं। वह एक तरफ मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और भी जहां जाना चाहते हैं जा सकते हैं। उनकी पार्टी कोई राजनीतिक पार्टी थोड़े है, वह तो एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। लालू जी, तेजस्वी और परिवार जिसे चाहेंगे वह कुछ भी बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें - राजधानी पटना में सुबह सुबह चली गोलियां, कुख्यात को पुलिस ने मारी गोली..