darsh news

तेजस्वी ही होंगे महागठबंधन सरकार में CM, अब कांग्रेस ने भी भर दी हामी, मुकेश सहनी...

तेजस्वी ही होंगे महागठबंधन सरकार में CM, अब कांग्रेस ने भी भर दी हामी, मुकेश सहनी...

Tejashwi will be the CM in the grand alliance government
तेजस्वी ही होंगे महागठबंधन सरकार में CM, अब कांग्रेस ने भी भर दी हामी, मुकेश सहनी...- फोटो : Darsh News

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सारा पेंच अब सुलझ गया है। इस बात की घोषणा राजद नेता तेजस्वी यादव, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, VIP चीफ मुकेश सहनी, CPIM के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने गुरुवार को राजधानी पटना में एक प्रेस कांफ्रेंस कर दी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणा की कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी को उप मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमने काफी सोच समझ कर यह फैसला लिया है और महागठबंधन की तरफ अब तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने VIP चीफ मुकेश सहनी को उप मुख्यमंत्री का चेहरा बताया और कहा कि किसी अन्य पार्टी से भी डिप्टी सीएम हो सकते हैं। 

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि हमने अब अपना नेता तय कर लिया है अब NDA भी बताये कि उसका सीएम फेस कौन है। अमित शाह ने तो पहले ही कह दिया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ेंगे लेकिन मुख्यमंत्री चेहरा के नाम पर उन्होंने कहा कि हमारे विधायक दल के नेता तय करेंगे कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन होगा। इसका साफ मतलब है कि भाजपा कुछ और कर सकती है। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही हुआ था, वहां जब चुनाव था तो भाजपा ने कहा था कि हम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और परिणाम आने के बाद देवेंद्र फडनवीस को मुख्यमंत्री बना दिया। अशोक गहलोत ने NDA की केंद्र सरकार पर भी हमला किया और कहा कि पुरे देश की स्थिति गंभीर है। पत्रकार या कोई अन्य एक्टिविस्ट अगर सरकार की आलोचना कर दे तो फिर उसे जेल जाना पड़ जाता है। 

यह भी पढ़ें      -    महागठबंधन में सुलझ गई सीट शेयरिंग समेत अन्य गुत्थियां? महागठबंधन करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

 वहीं प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने NDA पर जम कर हमला बोला और कहा कि हमने चुनाव से पहले ही अपना मेनिफेस्टो लोगों के सामने रखा है। हम घोषणाएं कर रहे हैं और हमारी सरकार बनने पर हम उसे पूरा भी करेंगे। तेजस्वी ने कहा कि जो काम NDA की डबल इंजन सरकार 20 वर्षों में नहीं कर सकी वह तेजस्वी की सरकार आने पर हम 20 महीने में कर के दिखायेंगे। बिहार में अभी अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है। जब नेता प्रतिपक्ष और सचिवालय के बाहर गोली चल सकती है तो फिर समझ सकते हैं कि पुरे बिहार की क्या स्थिति होगी। 20 वर्षों की सरकार में बिहार में एक भी इंडस्ट्री नहीं लगा जबकि जब हम 17 महीने के लिए सरकार में आये तो रिगा का चीनी मिल शुरू करवा दिया।

हम बिहार में पलायन खत्म कर देंगे, हर घर में एक सरकारी नौकरी देंगे, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनायेंगे। अमित शाह ने साफ तौर पर कह दिया है कि बिहार में उद्योग नहीं लग सकते हैं। इस सरकार के पास कोई विजन नहीं है, हमारी घोषणाओं को मौजूदा सरकार कॉपी करती है और इसके पास अपना कोई विजन ही नहीं है।

यह भी पढ़ें      -    बिहार में लगने लगा NDA के केंद्रीय नेताओं का जमावड़ा, आज आयेंगे नड्डा तो कल शाह और मोदी यहां करेंगे जनसभा...


Scan and join

darsh news whats app qr