गोली चली बेटे पर, निशाना था पिता? पुलिस जांच में सामने आया बड़ा राज
बिहार के सहरसा जिले में सातवीं कक्षा के छात्र अंकित आनंद हत्याकांड का पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक मुख्य शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा गांव के ही रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय अंकित आनंद स्कूल से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सिमराहा के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
यह भी पढ़ें: लाखों का इलाज अब मुफ्त में? नवजातों के लिए लाइफलाइन बना PMCH का नया वार्ड
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहरसा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय स्तर पर मानवीय सूचना एकत्र की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों—पवन कुमार, संतोष ठाकुर और मंतोष ठाकुर—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी की रात में लगी भीषण आग! दो प्रतिष्ठित दुकानें स्वाहा, लाखों का नुकसान…जानिए कैसे हुआ हादसा
सहरसा के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुराने जमीन विवाद को लेकर छात्र के पिता को सबक सिखाने की नीयत से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि मृतक के पिता अनुज ठाकुर, जो पेशे से वकील हैं, ने जमीन विवाद से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें एक कोर्ट केस नहीं लड़ने की धमकी दी जा रही थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को सख्त सजा दिलाने का दावा कर रही है।