darsh news

BPSC के कैलेंडर में TRE-4 गायब, 9 फरवरी से फिर शुरू होगा छात्रों का आंदोलन

tre4 exam

पटना: बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार के गठन के बाद अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का दावा किया है और इसे लेकर सभी विभागों में प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में सोमवार को बिहार लोक सेवा आयोग ने अगले एक वर्ष के परीक्षा का कैलेंडर जारी किया है। आयोग ने अपने जारी कैलेंडर में 50 परीक्षाओं को शामिल किया है जिसके लिए तारीख की घोषणा कर दी है या फिर तय नहीं किये जा सकने वाली परीक्षाओं के लिए तिथि निर्धारण आगे के समय में किया जायेगा।

BPSC के द्वारा परीक्षा कैलेंडर जारी किये जाने के बाद अब शिक्षक अभ्यर्थियों में एक बार फिर रोष देखा जा रहा है। BPSC परीक्षा कैलेंडर को लेकर छात्र नेताओं ने सरकार की मंशा पर ही सवाल उठाया है और फिर  से विरोध प्रदर्शन शुरू करने की बात कही। छात्र नेताओं ने कहा कि BPSC के परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 गायब है जिससे सरकार और विभाग की मंशा साफ जाहिर होती है। हमें अब ऐसा लगने लगा है कि सरकार जान बुझ कर शिक्षक भर्ती परीक्षा को लटका रही है। शिक्षक अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से TRE-4 परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं और विभाग हमें सिर्फ आश्वासन दे रही है।

यह भी पढ़ें     -       बजट में घोषणा के साथ ही जहाज रिपेयरिंग केंद्र की टेंडर प्रक्रिया शुरू, वाटर मेट्रो को लेकर भी...

छात्र नेता खुश्बू पाठक ने एलान किया कि BPSC परीक्षा कैलेंडर में TRE-4 का जिक्र नहीं होने की वजह से अब यह साफ हो गया है कि सरकार और विभाग क्या चाहती है इसलिए अब एक बार फिर आगामी 9 फरवरी को पटना में बड़ा आंदोलन किया जायेगा। आंदोलन की शुरुआत पटना कॉलेज से शुरू होगी और छात्रों का मार्च विधानसभा तक जायेगा और घेराव किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले एक लाख पदों पर शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित करवाने की बात कही गई फिर सीटों की संख्या कम कर 26 हजार कर दी गई। अब सरकार उस सीटों पर भी बहाली नहीं कर रही है। सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। 

बता दें कि अभी हाल में शिक्षा मंत्री ने TRE-4 परीक्षा में देरी पर मीडिया से बात करते हुए कहा था कि बिहार देश का पहला राज्य है जहां महज दो वर्षों में करीब पौने तीन लाख शिक्षकों की भर्ती की गई। उन्होंने कहा था कि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया निजी भर्ती नहीं है बल्कि एक सरकारी भर्ती है और इसमें कई सारी प्रक्रियाएं हैं। प्रक्रियाओं को पूर्ण करने में समय लगता है और सारी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद बहाली निकाली जाएँगी।

यह भी पढ़ें     -       रोहिणी को पसंद नहीं आया बिहार का बजट, कहा 'जल्द ही दम तोड़ देगा झूठ का ढिंढोरा...'


Scan and join

darsh news whats app qr