darsh news

गांव का दुकानदार निकला हैवान, मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोप

Village shopkeeper accused of raping an child girl

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप गांव के ही एक दुकानदार पर लगा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित बच्ची के परिजनों ने बिहटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब बच्ची घर लौटी तो उसने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे। और मामले की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पीड़िता की मां अपनी बच्ची के साथ थाने पहुंची थी और गांव के ही दुकानदार पर आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें: पटना में साइबर कैफे की आड़ में चल रहा था खेल, 3 ठिकानों पर रेड, 15 महिलाओं समेत 22 की गिरफ्तारी

पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है ताकि घटना से जुड़े जरूरी सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना समाज के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर हम कितने गंभीर हैं। बच्चों के साथ होने वाले अपराध न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी को भी उजागर करते हैं। जरूरत है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का घिनौना अपराध करने से पहले सौ बार सोचे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार या अपराध की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



Scan and join

darsh news whats app qr